लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासत तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के SIR पर उठाए गए सवालों के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उन पर तंज कसा है. केजरीवाल ने चुनाव आयोग को लेकर सवाल उठाते हुए समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव को एडवांस में बधाई तक दे दी.
दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर योगी आदित्यनाथ के एक इंटरव्यू का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ”महाराज जी, आपको भी पता है कि चुनाव आयोग वही करता है जो वे दो लोग कहते हैं. मैंने आपको पहले भी चेताया था. ये दोनों आपको खत्म करने में लगे हैं. अखिलेश जी को एडवांस में बधाई.” केजरीवाल के इस बयान ने यूपी की सियासत में नई बहस छेड़ दी है.
योगी ने SIR में हिंदू वोटरों के नाम कटने पर उठाए सवाल
योगी आदित्यनाथ ने अपने इंटरव्यू में SIR प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची में हुए बदलावों पर चिंता जताई. उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में जिन बड़ी संख्या में हिंदू मतदाताओं के नाम दर्ज थे, उनमें से कई के नाम चुनाव आयोग की मतदाता सूची से गायब हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनरीक्षण के बाद मुस्लिम मतदाताओं की आबादी में 1.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि हिंदू मतदाताओं के नाम कटने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर नाम हटने के कारणों पर जवाब मांगा गया है.
1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने का दावा
सीएम योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की पंचायत चुनाव मतदाता सूची में दर्ज करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम चुनाव आयोग की मतदाता सूची में नहीं मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि इनमें 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जबकि करीब 55 लाख ऐसे हिंदू मतदाता हैं, जो सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के सीधे लाभार्थी हैं. इसके बावजूद उनके नाम मतदाता सूची से गायब हैं.
योगी ने यह भी दावा किया कि 18 से 19 वर्ष की उम्र के करीब 4.5 लाख मतदाताओं के नाम भी सूची में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि इन विसंगतियों को लेकर चुनाव आयोग के सामने सबूत रखे गए हैं और जवाब मांगा गया है.
चुनाव आयोग स्वतंत्र संवैधानिक संस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि SIR की प्रक्रिया में राज्य सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है. उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और पूरी प्रक्रिया का संचालन एवं निगरानी वही करता है. राज्य सरकार ने केवल सामने आई विसंगतियों को लेकर आयोग से सवाल किए हैं.
अखिलेश यादव ने की आधार से वोटिंग की मांग
इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कई मांगें रखी हैं. उन्होंने आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ने, कागज या प्लास्टिक की जगह मेटल वोटर आईडी कार्ड बनाने और फिंगरप्रिंट या आईरिस के जरिए बायोमेट्रिक पहचान लागू करने की मांग की.
अखिलेश यादव ने X पर लिखा कि बायोमेट्रिक पहचान से चुनाव में गड़बड़ी और फर्जी मतदान को रोका जा सकेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी व्यवस्था लागू होने से बीजेपी वोटों में हेराफेरी नहीं कर पाएगी.
SIR पर विपक्ष का चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा
SIR को लेकर विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं. INDIA गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को वापस लेने की मांग की है. वहीं, उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं.
समाजवादी पार्टी 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार दो हार के बाद 2027 में सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है. ऐसे में मतदाता सूची का मुद्दा आने वाले चुनाव में विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच बड़े राजनीतिक टकराव की वजह बन सकता है.


