Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दसवें दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. राम की पैड़ी और सरयू घाट पर 30 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए. हजारों की संख्या में स्वयंसेवक दीप जलाने में जुटे रहे. वहीं, 2 हजार से अधिक ड्रोन से आसमान जगमगा उठा. भव्य लेजर शो और रंग-बिरंगी रोशनी ने रामनगरी की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए. इस ऐतिहासिक आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल और कई मंत्री शामिल हुए.
राम, सीता और लक्ष्मण का हुआ राज्याभिषेक, सीएम योगी ने खींचा रथ
दीपोत्सव के अवसर पर रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माला पहनाई, जबकि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने तिलक किया. हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया. इसके बाद भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण रथ पर सवार हुए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने रथ खींचकर इस परंपरा को आगे बढ़ाया.
30 लाख दीपों से जगमग हुई राम की पैड़ी, 2 हजार ड्रोन से सजा आसमान
दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए पूरी अयोध्या को पारंपरिक दीपों और आधुनिक लाइटिंग से सजाया गया. राम की पैड़ी पर 30 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए. घाटों पर स्वयंसेवक लगातार दीप जलाते नजर आए. वहीं, 2 हजार से अधिक ड्रोन के जरिए आसमान में भव्य दृश्य प्रस्तुत किए गए.
धर्मपथ पर 50 डिजिटल स्तंभ लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से रामायण के विभिन्न प्रसंगों को दिखाया गया. नेशनल हाईवे से प्रवेश द्वार तक दोनों ओर 12-12 फीट ऊंचे ये स्तंभ डिजिटल लाइट शो का हिस्सा बने. सरयू घाट पर भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई मंत्री शामिल हुए.
लेजर शो ने मोहा मन, रंगीन रोशनी से जगमगाए घाट
दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी और सरयू घाट पर विशेष लेजर लाइट शो का आयोजन किया गया. रंग-बिरंगी रोशनी से घाटों को सजाया गया. रामायण से जुड़े दृश्यों और आधुनिक तकनीक के संगम ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित किया. दीपों की रोशनी से पूरी रामनगरी त्रेतायुग जैसी दिखाई देने लगी.
500 साल का संघर्ष, रामभक्तों का सपना हुआ पूरा: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या ने अपने इतिहास में कई चुनौतियों का सामना किया है. रामभक्तों, संतों, निहंगों और समाज के हर वर्ग ने इन चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया. करीब 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के दौरान कई बार यह सवाल उठा कि क्या रामलला फिर अपने जन्मस्थान पर विराजमान हो पाएंगे.
सीएम योगी ने कहा कि दीपोत्सव भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने के प्रसंग को जीवंत करता है. आज की अयोध्या को देखकर ऐसा लगता है कि त्रेतायुग में भगवान श्रीराम और माता जानकी के लौटने पर अयोध्यावासियों ने जिस दृश्य को देखा होगा, वैसा ही नजारा आज फिर दिखाई दे रहा है.
उन्होंने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करते हुए कहा कि उनका अयोध्या की पावन धरा पर आगमन प्रदेश की जनता के लिए गौरव का विषय है.
500 साल तक अधूरा रहा रामभक्तों का सपना: उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने संबोधन में कहा कि करीब 500 साल तक राम मंदिर रामभक्तों के लिए अधूरा सपना बना रहा. उन्होंने राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी अपनी एक भावुक याद साझा की.
उपराष्ट्रपति ने कहा, “मुझे अच्छी तरह याद है कि जब अशोक सिंघल जी ने राम मंदिर की आधारशिला रखी थी, तब मेरी मां ने अपने सिर पर ईंट उठाई थी. उस समय मेरी मां ने कल्पना भी नहीं की होगी कि उनका बेटा एक दिन देश का उपराष्ट्रपति बनेगा.”
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भाजपा का तंज
दीपोत्सव के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सियासत भी तेज हो गई. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “अब तो ट्रेन छूट गई है, तुम घर जाओ. जनता सबकुछ समझ चुकी है.”
उन्होंने सपा के पीडीए को लेकर भी तंज कसा. इस तरह दीपोत्सव के भव्य आयोजन के बीच अयोध्या में धार्मिक उत्सव के साथ राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा में रही.


