Entertainment News: रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है. 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है. फिल्म के मेकर्स के मुताबिक, ‘रामायण’ ने रिलीज के पहले ही दिन दुनियाभर में 155 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. वहीं, फिल्म की भव्यता और कलाकारों के अभिनय की फिल्म इंडस्ट्री में भी खूब चर्चा हो रही है. मशहूर निर्देशक एसएस राजामौली ने भी फिल्म की तारीफ की है.
SS राजामौली ने बताया शानदार सिनेमाई अनुभव
‘RRR’ और ‘बाहुबली’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के निर्देशक एसएस राजामौली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘रामायण’ की तारीफ करते हुए पूरी टीम को बधाई दी.
उन्होंने फिल्म के भव्य सेट, शानदार विजुअल्स और बड़े पर्दे पर इसके प्रभाव की सराहना की. राजामौली ने रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार को शांत और भव्य बताया. खासतौर पर वनवास के बाद के उनके अभिनय की तारीफ की.
वहीं, यश के रावण वाले किरदार को खतरनाक और प्रभावशाली बताया. उन्होंने साई पल्लवी के सीता के रूप को भी बेहद खूबसूरत और गरिमामय बताया. राजामौली ने फिल्म के प्री-क्लाइमैक्स और क्लाइमैक्स की भी जमकर तारीफ की.
आलिया भट्ट ने पति रणबीर कपूर पर लुटाया प्यार
फिल्म की तारीफ करने वालों में रणबीर कपूर की पत्नी और अभिनेत्री आलिया भट्ट भी शामिल हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म की टीम को बधाई दी और रणबीर की कुछ बिहाइंड द सीन्स (BTS) तस्वीरें साझा कीं. इन तस्वीरों में रणबीर भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं.
आलिया ने रणबीर की मेहनत और फिल्म से जुड़े हर कलाकार की सराहना की. उन्होंने लिखा कि रणबीर ने इस फिल्म के लिए अपना सबकुछ लगा दिया. इसके बावजूद उन्होंने अपनी बेटी राहा के लिए भी अपना प्यार और समय बनाए रखा.
आलिया की पोस्ट में रणबीर और बेटी राहा के कुछ प्यारे पल भी देखने को मिले. उन्होंने कहा कि कुछ कहानियां हम सभी से बड़ी होती हैं और ‘रामायण’ उन्हीं में से एक है.
रणबीर राम, साई पल्लवी सीता और यश बने रावण
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं, रवि दुबे फिल्म में लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं.
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने किया है. बड़े बजट और भव्य विजुअल्स के साथ तैयार की गई यह फिल्म भारतीय महाकाव्य रामायण को बड़े पर्दे पर पेश करने की महत्वाकांक्षी कोशिश है.
दिवाली 2028 में आएगा दूसरा पार्ट
‘रामायण’ की कहानी को दो हिस्सों में रिलीज किया जा रहा है. पहले पार्ट को लेकर दर्शकों में उत्साह देखने को मिल रहा है. वहीं, फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.
पहले दिन के 155 करोड़ रुपये के वैश्विक कलेक्शन और फिल्मी हस्तियों की तारीफों के बीच अब दर्शकों की नजरें इसके आगे के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं.
यह भी पढ़ें- Semiconductor Industry: चिप निर्माण से आगे बढ़कर पूरा इकोसिस्टम तैयार करेगा भारत, 12 परियोजनाओं को मंजूरी


