Sonia Gandhi Memoir: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ मंगलवार को देशभर के बुकस्टोर्स में रिलीज हो गई. किताब के बाजार में आते ही पुस्तक प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही अलग-अलग बुकस्टोर्स पर खरीदार पहुंचने लगे. दिल्ली के खान मार्केट स्थित मशहूर बहरीसन्स बुकसेलर्स में इस किताब को लेकर खास उत्साह नजर आया.
बहरीसन्स बुकसेलर्स की मालिक रजनी बहरी मल्होत्रा ने सोनिया गांधी की आत्मकथा को इस दशक में प्रकाशित होने वाली सबसे बड़ी किताबों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि स्टोर में इस किताब का पहुंचना उनके लिए बेहद खास और खुशी का मौका है.
कई महीनों से किताब के लिए मिल रहे थे ऑर्डर
रजनी बहरी मल्होत्रा ने बताया कि सोनिया गांधी की किताब को लेकर पिछले कई महीनों से लोगों की दिलचस्पी बनी हुई थी. स्टोर को पिछले दिन से ही लगातार फोन आ रहे थे और पाठक पहले से ही किताब के ऑर्डर दे रहे थे.
उन्होंने कहा कि बहरीसन्स के देशभर में मौजूद स्टोर्स पर यह किताब उपलब्ध कराई जा रही है. उनके मुताबिक, भारतीय प्रकाशन उद्योग के लिए भी यह एक बड़ा दिन है और वे इस किताब को अपने स्टोर में पाकर बेहद खुश और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.
देश के कई बड़े शहरों में उपलब्ध हुई आत्मकथा
प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स इंडिया के मुताबिक, सोनिया गांधी की आत्मकथा देशभर के कई प्रमुख बुकस्टोर्स पर उपलब्ध है. इनमें चेन्नई का हिगिनबॉथम्स, दिल्ली के बहरीसन्स और मिडलैंड, मुंबई के द व्हाइट क्रो और टाइटल वेव्स, केरल के मातृभूमि बुक्स और कर्नाटक के ब्लॉसम्स व द बुकवर्म शामिल हैं.
इसके अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली-एनसीआर, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गुजरात और केरल में क्रॉसवर्ड के आउटलेट्स पर भी किताब उपलब्ध कराई गई है.
इटली के बचपन से राजीव गांधी से प्रेम तक का सफर
‘Belonging: A Journey of Love’ में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के कई अहम पड़ावों को शामिल किया है. किताब में युद्ध के बाद के इटली में बीते उनके बचपन, कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान राजीव गांधी से मुलाकात और प्रेम कहानी का जिक्र है.
इसके साथ ही भारत आने के बाद उनकी जिंदगी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े दुखद अनुभवों और उन व्यक्तिगत घटनाओं को भी जगह दी गई है, जिन्होंने भारत के साथ उनके रिश्ते को गहराई से प्रभावित किया.
किताब की रिलीज के साथ ही पाठकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. बहरीसन्स जैसे प्रतिष्ठित बुकस्टोर्स पर मिल रही प्रतिक्रिया से साफ है कि सोनिया गांधी की आत्मकथा प्रकाशन जगत की चर्चित किताबों में शामिल हो गई है.


