Noida News: नोएडा में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने और सेक्टरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए प्राधिकरण ने बड़ी योजना तैयार की है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के ऊपर सेक्टर-148 और 150 के बीच करीब 610 मीटर लंबा आर्क टाइप फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इस परियोजना पर लगभग 84 करोड़ 16 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. प्राधिकरण ने इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली है. अब इसे तकनीकी जांच और मंजूरी के लिए IIT रुड़की भेजा जाएगा.
IIT रुड़की की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, सेक्टर-148 और 150 को सीधी और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी देने के लिए इस फ्लाईओवर की योजना बनाई गई है. इसके निर्माण से आसपास के अन्य सेक्टरों को भी फायदा मिलेगा. डीपीआर को IIT रुड़की भेजा जाएगा. वहां से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने बताया कि फ्लाईओवर को आर्क टाइप डिजाइन में तैयार किया जाएगा. इसकी लंबाई करीब 610 मीटर और चौड़ाई साढ़े नौ मीटर होगी. निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे पूरा करने में लगभग डेढ़ साल का समय लगेगा.
छह सेक्टरों के करीब 2 लाख लोगों को होगा फायदा
इस फ्लाईओवर के बनने से सेक्टर-148, 149, 150, 151, 152 और 153 के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे इन सेक्टरों में रहने वाले करीब दो लाख लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी. अभी लोगों को एक सेक्टर से दूसरे सेक्टर तक जाने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. फ्लाईओवर बनने के बाद आवाजाही आसान होने की उम्मीद है.
30 हजार फ्लैट बनने से बढ़ेगा वाहनों का दबाव
सेक्टर-150, 151 और 152 स्पोर्ट्स सिटी परियोजना का हिस्सा हैं. इन तीनों सेक्टरों में करीब 30 हजार फ्लैट और हजारों प्लॉटों पर मकान बनने प्रस्तावित हैं. इनमें से कई फ्लैट तैयार हो चुके हैं और लोग रहने भी लगे हैं. इसके चलते इन इलाकों में वाहनों की संख्या बढ़ने लगी है.
आने वाले तीन से चार वर्षों में बड़ी संख्या में लोगों के यहां रहने आने की संभावना है. इससे यातायात का दबाव और बढ़ेगा. इसी को देखते हुए प्राधिकरण ने पहले से फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की है, ताकि भविष्य में जाम की समस्या से बचा जा सके.
एक्सप्रेसवे पर नहीं रुकेंगे वाहन, बिना पिलर बनेगा फ्लाईओवर
इस फ्लाईओवर की सबसे खास बात इसका आर्क टाइप डिजाइन होगा. अधिकारियों के मुताबिक, इसके निर्माण में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की मुख्य सड़क के बीच कोई पिलर नहीं बनाया जाएगा. जरूरत पड़ने पर बीच के डिवाइडर पर पिलर दिया जा सकता है.
फ्लाईओवर स्टील स्पैन पर आधारित होगा. इसके ऊपर धनुष के आकार में स्टील का ढांचा तैयार किया जाएगा. एक्सप्रेसवे के ऊपर करीब 65 मीटर लंबा स्टील स्पैन बनाया जाएगा. इसके अलावा दोनों तरफ सर्पिल आकार की एप्रोच रोड तैयार कर सर्विस रोड से जोड़ा जाएगा. एप्रोच रोड की कुल लंबाई करीब 545 मीटर होगी.
इस डिजाइन का उद्देश्य निर्माण के दौरान एक्सप्रेसवे पर यातायात को बाधित होने से बचाना है.
यह भी पढ़ें- India Renewable Energy: 2030 तक 530 GW पहुंचेगी भारत की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता, सोलर पावर से होगा सबसे बड़ा विस्तार
यह भी पढ़ें-असम में बनेगा 6,000 बीघा में डिफेंस पार्क, रक्षा उत्पादन में निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा


