WhatsApp New Feature: WhatsApp पर किसी को ऐसा मैसेज भेजना चाहते हैं, जिसे वह सिर्फ एक बार पढ़ सके और बाद में दोबारा न देख पाए? अब आपकी यह इच्छा पूरी होने वाली है. WhatsApp एक ऐसा नया फीचर लेकर आ रहा है, जिससे सामान्य टेक्स्ट मैसेज भी पढ़ने के बाद अपने आप गायब हो जाएंगे. यानी सामने वाला व्यक्ति मैसेज को एक बार खोलकर पढ़ सकेगा, लेकिन स्क्रीन बंद करते ही वह दोबारा दिखाई नहीं देगा.
इस फीचर का नाम View Once Text Messages है. अभी तक WhatsApp पर View Once का विकल्प फोटो, वीडियो और वॉइस मैसेज के लिए उपलब्ध था. अब कंपनी इस सुविधा को टेक्स्ट मैसेज तक बढ़ा रही है. फिलहाल इसका रोलआउट चुनिंदा Android बीटा यूजर्स के लिए शुरू किया गया है.
Android बीटा वर्जन में दिखा नया फीचर
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp ने Android बीटा वर्जन 2.26.45.6 में इस फीचर को रोलआउट करना शुरू किया है. हालांकि अभी यह सुविधा सभी बीटा यूजर्स को नहीं मिली है. कंपनी इसे चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध करा रही है. उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में अधिक बीटा यूजर्स इसका इस्तेमाल कर सकेंगे.
कैसे भेज पाएंगे एक बार पढ़े जाने वाला मैसेज?
इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान होगा. अगर आपके WhatsApp अकाउंट में यह सुविधा उपलब्ध है तो उस व्यक्ति की चैट खोलें, जिसे मैसेज भेजना है. इसके बाद सामान्य तरीके से टेक्स्ट लिखें. अब हरे रंग के Send बटन को दबाकर रखें. ऐसा करने पर एक मेन्यू खुलेगा, जिसमें View Once का विकल्प दिखाई दे सकता है. इसे चुनते ही आपका मैसेज एक बार पढ़े जाने वाले संदेश के रूप में भेज दिया जाएगा.
मैसेज खोलते ही शुरू हो जाएगा काउंटडाउन जैसा अनुभव
View Once टेक्स्ट सामान्य चैट में सीधे दिखाई नहीं देगा. मैसेज पाने वाले व्यक्ति को उस पर टैप करना होगा. इसके बाद टेक्स्ट एक अलग स्क्रीन पर खुलेगा. एक बार पढ़ने के बाद जैसे ही वह स्क्रीन बंद होगी, मैसेज दोबारा नहीं खोला जा सकेगा.
चैट में उस मैसेज की जगह यह संकेत दिखाई देगा कि संदेश खोला जा चुका है. अगर Read Receipts चालू हैं तो भेजने वाला भी देख सकेगा कि सामने वाले ने मैसेज पढ़ लिया है.
न स्क्रीनशॉट, न कॉपी और न फॉरवर्ड करने की सुविधा
इस फीचर की सबसे खास बात इसकी प्राइवेसी है. WhatsApp View Once टेक्स्ट पढ़ते समय स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग को ब्लॉक करेगा. इसके अलावा मैसेज को कॉपी, सेव या किसी दूसरी चैट में फॉरवर्ड करने का विकल्प भी नहीं मिलेगा.
मसलन, किसी को अस्थायी पासवर्ड, एक बार इस्तेमाल होने वाला कोड या कोई निजी जानकारी भेजनी है, जिसे चैट में लंबे समय तक नहीं रखना चाहते, तो यह फीचर उपयोगी साबित हो सकता है. हालांकि इसे पूरी तरह सुरक्षित माध्यम नहीं मानना चाहिए, क्योंकि कोई दूसरा डिवाइस इस्तेमाल करके स्क्रीन की तस्वीर ली जा सकती है.
iPhone यूजर्स को करना पड़ सकता है इंतजार
फिलहाल View Once Text Messages फीचर केवल चुनिंदा Android बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है. WhatsApp ने अभी सभी Android यूजर्स के लिए इसकी लॉन्च डेट घोषित नहीं की है. वहीं iPhone यूजर्स के लिए भी इसकी उपलब्धता को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें- महंगे RAM ने बढ़ाई स्मार्टफोन कंपनियों की टेंशन! सस्ते फोन में लग सकती है 5 साल पुरानी मेमोरी, Samsung ने निकाला अलग रास्ता
यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी की जिंदगी पर बनेगी तेलुगु फिल्म, आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ पर आधारित होगी कहानी


