Suresh Raina Mahakal visit: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना शुक्रवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल होकर आशीर्वाद लिया. इस दौरान वह भक्ति में लीन नजर आए. रैना ने अपने इस आध्यात्मिक अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी साझा किया.
वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “महाकाल के दरबार में, सुकून भी है और शक्ति भी.” ANI से बातचीत में रैना ने महाकाल के दर्शन को दिव्य अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि यहां आने का अनुभव बिल्कुल अलग है. पिछली बार वह अपनी पत्नी के साथ आए थे, लेकिन इस बार फिर बाबा के दरबार में पहुंचकर उन्हें एक अलग तरह की ऊर्जा महसूस हो रही है.
2005 से बाबा महाकाल से जुड़ाव, बोले- यहां से बदलकर लौटता हूं
सुरेश रैना ने बताया कि उनका महाकालेश्वर मंदिर से जुड़ाव साल 2005 से है. उन्होंने कहा कि जब वह भारत के लिए यहां खेले थे, तब राहुल द्रविड़ टीम के कप्तान थे. इंदौर में उन्होंने कई मुकाबले खेले हैं.
रैना ने कहा, “जब भी मैं यहां आता हूं, एक बिल्कुल अलग इंसान बनकर वापस जाता हूं.” उनके इस बयान से बाबा महाकाल के प्रति उनकी आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव की झलक देखने को मिली.
महिला क्रिकेट टीम की सफलता पर भी जताई खुशी
महाकाल के दर्शन के दौरान सुरेश रैना ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि देश में महिला क्रिकेट लगातार आगे बढ़ रहा है और सरकार भी इसे काफी प्रोत्साहन दे रही है. महिला टीम ने विश्व कप भी जीता है और उसका प्रदर्शन शानदार रहा है.
उन्होंने कहा कि BCCI, अन्य क्रिकेट संघों और अलग-अलग लीगों के प्रयासों से महिला क्रिकेट को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है. अगर देश की बेटियां आगे बढ़ेंगी तो देश भी आगे बढ़ेगा.
12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल है बाबा महाकाल का दरबार
उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर स्थित महाकालेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है. यहां होने वाली भस्म आरती देश-विदेश के श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र है. यह आरती ब्रह्म मुहूर्त में सुबह लगभग 3:30 से 5:30 बजे के बीच होती है.
मंदिर की परंपरा के अनुसार, सुबह बाबा महाकाल के पट खुलने के बाद पंचामृत से अभिषेक किया जाता है. इसमें दूध, दही, घी, शक्कर और शहद शामिल होते हैं. इसके बाद विशेष विधि-विधान से भस्म आरती संपन्न होती है.
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु से गोवा पहुंचना होगा आसान, PM मोदी ने शुरू की नई वंदे भारत ट्रेन, कर्नाटक के तटीय इलाकों को भी मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
यह भी पढ़ें- भारत में टीबी से होने वाली मौतों में 38% की कमी, इलाज की सफलता दर बढ़कर 94% हुई


