Lucknow Traffic Diversion: राजधानी लखनऊ में 15 नवंबर 2026 को राष्ट्र प्रेरणा स्थल, बसंत कुंज, थाना क्षेत्र ठाकुरगंज में VIP कार्यक्रम प्रस्तावित है. कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुरक्षा और सुचारु आवागमन के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है. यह व्यवस्था 15 नवंबर को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगी. इस दौरान कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर भारी, बड़े, व्यावसायिक वाहनों के साथ सामान्य यातायात पर भी प्रतिबंध रहेगा. ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा.
इन सात रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
- बजरंगबली किसानपथ अंडरपास से छंदोइया बाईपास तिराहे की ओर प्रतिबंध
बजरंगबली किसानपथ अंडरपास से छंदोइया बाईपास तिराहे की तरफ भारी, बड़े और व्यावसायिक वाहन नहीं जा सकेंगे. इन वाहनों को किसानपथ अंडरपास से किसानपथ होते हुए अपने गंतव्य तक जाने की अनुमति होगी. - ककरमऊ अंडरपास से अंधे की चौकी तिराहे की ओर रोक
ककरमऊ (हमसफर लॉन) अंडरपास से अंधे की चौकी तिराहे की तरफ भारी, बड़े, व्यावसायिक वाहन और सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा. वाहन चालक किसानपथ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. - छंदोइया बाईपास तिराहे से कार्यक्रम स्थल की ओर प्रतिबंध
छंदोइया बाईपास तिराहे से कार्यक्रम स्थल और भिठौली तिराहे की तरफ भारी, बड़े, व्यावसायिक वाहन तथा सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा. इन वाहनों को अंधे की चौकी तिराहा, बजरंगबली किसानपथ अंडरपास या दुबग्गा तिराहे से होकर जाने का विकल्प दिया गया है.
- टिकोनिया तिराहे से दुबग्गा और छंदोइया बाईपास की ओर रोक
टिकोनिया तिराहे से दुबग्गा तिराहा और छंदोइया बाईपास तिराहे की तरफ भारी, बड़े और व्यावसायिक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे. इन्हें नहर तिराहा, मोहन रोड, खुशहालगंज बाजार और खुशहालगंज किसानपथ अंडरपास से होकर जाना होगा. - भिठौली तिराहे से कार्यक्रम स्थल की ओर प्रतिबंध
भिठौली तिराहे से कार्यक्रम स्थल और छंदोइया बाईपास तिराहे की तरफ भारी, बड़े, व्यावसायिक वाहन तथा सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा. वैकल्पिक मार्ग के रूप में सरायपुर तिराहा, अरस्त क्रॉसिंग, बख्शी तालाब होते हुए इंदिरानगर किसानपथ अंडरपास या इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे का इस्तेमाल किया जा सकेगा. - नया पक्कापुल और कुड़ियाघाट तिराहे से डायवर्जन
नया पक्कापुल तिराहा और कुड़ियाघाट तिराहे से कार्यक्रम स्थल तथा ढैला तिराहे की तरफ बड़े, व्यावसायिक वाहन और सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा. वाहन रूमी गेट, कोनेश्वर चौराहा, बालागंज चौराहा और दुबग्गा तिराहे से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. - दुबग्गा तिराहे से छंदोइया बाईपास की ओर रोक
दुबग्गा तिराहे से छंदोइया बाईपास तिराहे की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. वाहन टिकोनिया तिराहे से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस के मुताबिक, सामान्य यातायात के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों के अलावा यदि किसी व्यक्ति को चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति होती है और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है, तो एंबुलेंस आदि को प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने की अनुमति दी जाएगी. इसके लिए ट्रैफिक पुलिस या स्थानीय पुलिस की अनुमति आवश्यक होगी.
परेशानी होने पर इस नंबर पर करें संपर्क
यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 15 नवंबर को घर से निकलने से पहले डायवर्जन प्लान देख लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.


