मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आए हैं. इस बार उन्होंने फिल्म ‘जोश’ फेम अभिनेता शरद कपूर की मदद की है, जो इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं. सोमवार सुबह सोनू सूद ने शरद कपूर से मुलाकात की और उनकी परेशानियों के बारे में जाना.
सोमवार सुबह सामने आई तस्वीरों में सोनू सूद शरद कपूर के साथ बातचीत करते नजर आए. इस दौरान वह उनकी बातें ध्यान से सुनते दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि सोनू सूद ने शरद कपूर के पैर की चोट के इलाज के लिए मेडिकल टीम का इंतजाम भी किया है. साथ ही उनके लिए जरूरी दवाइयों और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है.
अपने चार पालतू कुत्तों को दूसरे के हवाले करने पर हुए भावुक
हाल ही में शरद कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में अभिनेता काफी कमजोर और भावुक नजर आए थे. उन्होंने अपनी जिंदगी में चल रही मुश्किलों के बारे में बताते हुए अपने चार पालतू कुत्तों को किसी दूसरे के संरक्षण में देने की बात कही थी.
शरद कपूर ने मुंबई के बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट को अपने चारों पालतू कुत्तों की जिम्मेदारी सौंपी है. अभिनेता के लिए यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के चलते उन्हें ऐसा करना पड़ा.
फिल्म इंडस्ट्री से मांगी थी मदद
इसके बाद शरद कपूर का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के अपने साथियों से मदद की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि वह अपनी सेहत ठीक करना चाहते हैं और दोबारा अभिनय की दुनिया में वापसी करना चाहते हैं. अभिनेता लंबे समय से मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और अब फिर से काम शुरू करने की इच्छा रखते हैं.
‘जोश’ से मिली पहचान, कई फिल्मों में किया काम
शरद कपूर ने साल 1996 में फिल्म ‘दस्तक’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद वह ‘जोश’, ‘लक्ष्य’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में नजर आए. फिल्म ‘जोश’ में नेगेटिव किरदार के लिए उनके अभिनय को खूब सराहना मिली थी. इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट एक्टर इन अ नेगेटिव रोल श्रेणी में नामांकन भी मिला था.
सोनू सूद की इस पहल से शरद कपूर को मुश्किल समय में सहारा मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली से पटना का सफर सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, बिहार में बनेंगे 5 स्टेशन, जानें पूरा रूट
यह भी पढ़ें- अक्षय कुमार की फिल्म ‘समुक’ का फर्स्ट लुक जारी, इंसान नहीं इस खौफनाक जीव से होगी जंग, 2027 में होगी रिलीज


