श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के बाद सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है. पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने अखरन नोपोरा इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त किए जाने की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि पूरे इलाके को लगभग छावनी में तब्दील कर दिया गया है. साथ ही उन्होंने सुरक्षा कार्रवाई के नाम पर आम लोगों को परेशान करने पर सवाल उठाए.
महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि इलाके से आ रही खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं. अज्ञात आतंकियों की हरकतों और संभावित सुरक्षा चूक के लिए पूरी आबादी को सजा देना अन्यायपूर्ण और अस्वीकार्य है. उन्होंने कहा कि सामूहिक दंड से लोगों में अलगाव और नाराजगी बढ़ती है. निर्दोष लोगों को इसका खामियाजा नहीं भुगतना चाहिए.
11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुआ था हमला
दरअसल, 11 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में एक नाके पर तैनात सीआरपीएफ जवानों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी. इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे. गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में भर्ती कराया गया था. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावरों की तलाश में संयुक्त अभियान शुरू किया. बुधवार को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से नमूने और अन्य सबूत जुटाए.
घायल जवान से मिले CRPF के डीजी
सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने श्रीनगर के आर्मी अस्पताल में भर्ती हेड कांस्टेबल सोनबीर सिंह से मुलाकात की. सोनबीर सिंह हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे.
सीआरपीएफ की ओर से X पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, डीजी अपने कश्मीर घाटी दौरे के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घायल जवान का हाल जानने पहुंचे. बताया गया कि हमले के दौरान सोनबीर सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए हमलावरों पर जवाबी कार्रवाई की थी. इससे उनकी कोशिश नाकाम करने और एक बड़े हादसे को टालने में मदद मिली.
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर उठाए सवाल
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने भी हमले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह केवल सुरक्षा में चूक का मामला नहीं है, बल्कि भारत सरकार की विफलता को भी दर्शाता है.
कर्रा ने घायल जवानों और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा कि हमला उपराज्यपाल के एक कार्यक्रम से महज दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर हुआ. उन्होंने सवाल उठाया कि जब हमलावर इतनी नजदीक हमला कर सकते हैं, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
यह भी पढ़ें- अमित शाह ने अजित पवार को दी श्रद्धांजलि, बोले- ‘दादा का जाना महाराष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति’
यह भी पढ़ें- Jaipur Royal Wedding: जयपुर में शिवजीत घाटगे और पल्लवी की शाही शादी, जहीर खान-सागरिका समेत जुटेंगे खास मेहमान


