कानपुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण आस्था के विषय हैं, उन्हें चुनावी मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए. कानपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और लोगों से अपील की कि देवी-देवताओं को चुनावी बहस का हिस्सा न बनाएं. इस दौरान उन्होंने PDA रोड शो में नाबालिग छात्र की मौत के मामले में भी प्रतिक्रिया दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
राम और कृष्ण हमारे आराध्य हैं, हमेशा रहेंगे
अपर्णा यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम का मंदिर बनना सनातन धर्म के लिए आवश्यक था. इसी तरह भगवान श्रीकृष्ण के पहले से बने मंदिर के सुधार का फैसला सरकार काफी पहले कर चुकी है. उन्होंने कहा, “यह चुनाव का मुद्दा नहीं, बल्कि हमारी आस्था का विषय है. भगवान राम और कृष्ण हमारे आराध्य हैं और हमेशा रहेंगे. मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि इसे चुनावी मुद्दा न बनाएं.”
बीजेपी के चुनावी नारों और पोस्टरों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान आम लोगों में उत्साह पैदा करने के लिए नारे लगाए जाते हैं.
अखिलेश यादव को मथुरा आने का न्योता सकारात्मक पहल
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को मथुरा आने का न्योता दिए जाने पर भी अपर्णा यादव ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने और धर्म के विस्तार के लिए इस तरह के निमंत्रण दिए जाते हैं.
उन्होंने कहा कि जिन्हें भी निमंत्रण दिया गया है, उन्हें खुशी-खुशी इसे स्वीकार करना चाहिए.
PDA रोड शो में छात्र की मौत पर सख्त कार्रवाई की मांग
एक दिन पहले PDA रोड शो के दौरान नाबालिग छात्र की मौत के मामले को अपर्णा यादव ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक रैलियों और कार्यक्रमों में किसी भी दल की भागीदारी हो, आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि घटना में शामिल दोषियों को सजा मिले. उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई में किसी राजनीतिक दल के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए.
महिला आयोग के शिकायत केंद्र में प्रवेश और आंकड़ों पर भी दी जानकारी
शिकायत निवारण केंद्र के दौरे के दौरान प्रवेश सीमित रखने और आयोग के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए जाने से जुड़े सवालों पर अपर्णा यादव ने कहा कि केंद्र में प्रवेश कानून और संवैधानिक प्रावधानों के तहत नियंत्रित होता है. उन्होंने बताया कि फिलहाल केंद्र में निर्माण कार्य भी चल रहा है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दो बच्चियों, जिनमें एक की उम्र करीब डेढ़ साल और दूसरी की 11 महीने है, को उनके माता-पिता ने छोड़ दिया था. अब दोनों बच्चियों को अच्छे परिवारों में गोद दिया जा रहा है.
महिला आयोग के आंकड़ों को लेकर उन्होंने कहा कि निर्देश मिलने के बाद सभी आंकड़े सार्वजनिक कर दिए जाएंगे. अपर्णा यादव ने बताया कि 4 सितंबर 2024 को शपथ लेने के बाद महिला आयोग की 28 सदस्यीय टीम ने करीब 20 दिनों में 20 हजार लंबित मामलों का निस्तारण किया था. इस टीम में आयोग की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य शामिल थे.
यह भी पढ़ें- EPFO का बड़ा फैसला: अब रिटायरमेंट के बाद एकमुश्त नहीं, किस्तों में निकाल सकेंगे PF का पैसा, जानें क्या है SWP प्लान


