नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में रहने वाले लाखों लोगों के लिए मेट्रो से सफर करना आने वाले वर्षों में और आसान हो सकता है. राजधानी के बाहरी और घनी आबादी वाले इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है. दिल्ली मेट्रो के फेज-V(B) विस्तार के तहत 8 नए कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है. इसमें द्वारका स्थित यशोभूमि से गुरुग्राम के राजीव चौक तक मेट्रो चलाने की योजना भी शामिल है. इस रूट के तैयार होने से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
आरटीआई के जवाब के मुताबिक, फेज-V(B) के तहत कुल 8 मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं. इनमें यशोभूमि (द्वारका सेक्टर-25) से गुरुग्राम के राजीव चौक तक का कॉरिडोर भी शामिल है. इस रूट को मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है. वहीं, बाकी सात कॉरिडोर को दिल्ली सरकार की मंजूरी मिल चुकी है और अब केंद्र सरकार की स्वीकृति का इंतजार है. इन सभी प्रस्तावित कॉरिडोर पर कुल 65 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने की योजना है.
दिल्ली के इन इलाकों तक पहुंचेगी मेट्रो
- नजफगढ़-नांगलोई: 11.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 9 स्टेशन बनाए जाएंगे. इससे नरेश पार्क एक्सटेंशन, रन्होला, बक्करवाला, बापरोला और नजफगढ़ एक्सटेंशन के लोगों को फायदा मिलेगा.
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट-किशनगढ़: 15.9 किलोमीटर लंबे रूट पर 10 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इससे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे प्रमुख स्थानों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
- समयपुर बादली-नरेला: 12.9 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को येलो लाइन के विस्तार के रूप में विकसित किया जाएगा. इस पर 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे.
- कीर्ति नगर-पालम: 9.9 किलोमीटर लंबे रूट पर 6 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इससे ग्रीन लाइन का विस्तार होगा.
- जोर बाग-मिथापुर: करीब 17 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 12 स्टेशन बनाए जाने की योजना है.
- मयूर विहार-शास्त्री पार्क: 13.2 किलोमीटर लंबे रूट पर 8 स्टेशन प्रस्तावित हैं.
- केशव पुरम-रोहिणी सेक्टर-34: 16.3 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 12 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे.
आठवें प्रस्तावित कॉरिडोर में यशोभूमि से गुरुग्राम के राजीव चौक तक मेट्रो कनेक्टिविटी देने की योजना शामिल है.
फेज-IV और फेज-V(A) पर भी चल रहा काम
दिल्ली मेट्रो के विस्तार के लिए फेज-IV और फेज-V(A) की परियोजनाओं पर भी काम जारी है. फेज-IV के तहत आरके आश्रम मार्ग-जनकपुरी पश्चिम और एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है. इन्हें दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
वहीं, लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक और इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर को दिसंबर 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है. फेज-V(A) के तहत भी कई रूट पर निर्माण और टेंडर से जुड़ी प्रक्रियाएं आगे बढ़ रही हैं.
दिल्ली-NCR में आसान होगा आवागमन
अगर फेज-V(B) के सभी प्रस्तावित कॉरिडोर को मंजूरी मिलती है और निर्माण कार्य पूरा होता है तो दिल्ली के बाहरी इलाकों के साथ-साथ गुरुग्राम तक मेट्रो कनेक्टिविटी का विस्तार होगा. इससे सड़क मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने और रोजाना ऑफिस, कारोबार तथा पढ़ाई के लिए सफर करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- राम-कृष्ण आस्था का विषय, चुनावी मुद्दा नहीं… अपर्णा यादव ने सभी से की अपील, PDA रोड शो में छात्र की मौत पर भी बोलीं
यह भी पढ़ें- EPFO का बड़ा फैसला: अब रिटायरमेंट के बाद एकमुश्त नहीं, किस्तों में निकाल सकेंगे PF का पैसा, जानें क्या है SWP प्लान


