नई दिल्ली: रायपुर से मुंबई जा रही एक सामान्य फ्लाइट उस वक्त यादगार बन गई, जब मशहूर सिंगर सोनू निगम ने विमान के अंदर ही यात्रियों के लिए अचानक गाना शुरू कर दिया. सफर के दौरान यात्रियों ने सोनू निगम को पहचान लिया और उनके लोकप्रिय गाने गुनगुनाने लगे. इसके बाद सिंगर ने भी यात्रियों की फरमाइश पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा. कुछ ही देर में विमान का माहौल किसी म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसा हो गया.
यह घटना 20 नवंबर को इंडिगो की फ्लाइट में हुई. सोनू निगम AIIMS रायपुर के ओरियाना फेस्ट में परफॉर्म करने के बाद मुंबई लौट रहे थे. इस दौरान यात्रियों ने उन्हें पहचान लिया और उनके गाने ‘कल हो ना हो’ और ‘मैं अगर कहूं’ गुनगुनाने लगे.
यात्रियों को गाते देख सोनू निगम ने निकाला फोन
यात्रियों को अपने गाने गाते देख सोनू निगम काफी खुश हुए. उन्होंने अपना फोन निकाला और यात्रियों के इस खास पल को रिकॉर्ड करने लगे. लेकिन यात्री सिर्फ गाने गुनगुनाकर रुकना नहीं चाहते थे. वे अपने पसंदीदा सिंगर को लाइव सुनने का इंतजार कर रहे थे.
यात्रियों का उत्साह देखकर सोनू निगम विमान के गलियारे में आ गए और उन्होंने गाना शुरू कर दिया. इसके बाद उन्होंने ‘किसका है तुमको इंतजार’, ‘मैं हूं ना’, ‘तुझे लगे ना नजरिया’ और ‘कल हो ना हो’ जैसे अपने लोकप्रिय गाने सुनाए.
यात्रियों की फरमाइश पर गाए और भी गाने
सोनू निगम की परफॉर्मेंस के बाद यात्रियों ने उनसे और गाने सुनाने की फरमाइश की. सिंगर ने भी अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया और ‘बिजुरिया’ तथा ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ जैसे गाने गाकर सफर को और खास बना दिया.
इस खास पल की झलक साझा करते हुए सोनू निगम ने सभी यात्रियों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा, “ऐसा प्यार, जो सिर्फ सपनों में मिलता है. विमान में मौजूद सभी लोगों का धन्यवाद.”
2022 में मिला था पद्मश्री सम्मान
सोनू निगम भारत के लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में शामिल हैं. उन्होंने हिंदी के अलावा कई अन्य भारतीय भाषाओं में भी गाने गाए हैं. उनके कई गाने आज भी लोगों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं. साल 2022 में उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के रघुबीर नगर में घर में लगी भीषण आग, 55 साल की महिला की मौत, बहू गंभीर, दीवार तोड़कर निकाला गया शव


