Koffee With Karan 9: करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 9 में इस बार मनोरंजन का जबरदस्त तड़का लगने वाला है. शो के नए प्रोमो में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेता-राजनेता रवि किशन एक साथ नजर आ रहे हैं. दोनों की मस्ती, मजेदार बातचीत और डांस ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है. खास बात यह है कि अक्षय कुमार भी रवि किशन के वायरल हुक स्टेप को सीखते और उनके साथ ठुमके लगाते दिखाई दे रहे हैं.
करण जौहर ने रवि किशन को बताया ‘बिहार का ब्रैड पिट’
शो के प्रोमो में करण जौहर सबसे पहले अक्षय कुमार का स्वागत करते हैं. वह अक्षय को ‘खून से पंजाबी’ बताते हैं. इसके बाद रवि किशन की एंट्री होती है, जिनका परिचय करण जौहर ‘बिहार का ब्रैड पिट’ कहकर कराते हैं. करण यह भी कहते हैं कि जेनरेशन Z के बीच रवि किशन काफी पसंद किए जा रहे हैं.
रवि किशन अपने खास अंदाज में मशहूर डायलॉग ‘जिंदगी झंडवा, फिर भी घमंडवा’ बोलते हुए एंट्री करते हैं. उनका यह अंदाज देखकर शो में हंसी-मजाक का माहौल बन जाता है.
रवि किशन के हुक स्टेप पर अक्षय ने लगाए ठुमके
प्रोमो का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब आता है, जब अक्षय कुमार रवि किशन से उनका वायरल हुक स्टेप सीखने की इच्छा जताते हैं. इसके बाद दोनों कलाकार डांस फ्लोर पर पहुंच जाते हैं. रवि किशन अपने खास डांस मूव्स अक्षय को सिखाते हैं और खिलाड़ी कुमार भी उनके साथ कदम मिलाते नजर आते हैं.
करण जौहर इस दौरान खुलासा करते हैं कि शो में रवि किशन को बुलाने का सुझाव खुद अक्षय कुमार ने दिया था. इस पर रवि किशन भी अक्षय की तारीफ करते हुए उनका आभार जताते हैं.
सोशल मीडिया पर छाया रवि किशन का अंदाज
रवि किशन इन दिनों अपने डांस स्टेप और मजेदार वनलाइनर्स को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. उनके हुक स्टेप को फैंस और कंटेंट क्रिएटर्स भी खूब रीक्रिएट कर रहे हैं. सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनके मजाकिया अंदाज के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं.
‘समुक’ में नजर आएंगे अक्षय कुमार
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार जल्द ही एलियन थ्रिलर फिल्म ‘समुक’ में दिखाई देंगे. इस फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं, जबकि विपुल शाह और आशिन ए शाह इसके सह-निर्माता हैं.
वहीं, ‘कॉफी विद करण’ का सीजन 9 हर बुधवार शाम 7 बजे JioHotstar पर स्ट्रीम होता है. अक्षय कुमार और रवि किशन वाला यह एपिसोड शो में हंसी, मस्ती और मनोरंजन का नया रंग लेकर आने वाला है.
यह भी पढ़ें- NEET-UG 2026 पेपर लीक केस में 14 आरोपियों ने कबूला नहीं गुनाह, 25 नवंबर से शुरू होगा ट्रायल, CBI ने जुटाए 360 गवाह


