Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है. एक ओर कई राज्यों में तेज आंधी और भारी बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, तो दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने 10 मई के लिए यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में 10 से 15 मई के बीच लू चलने का अनुमान जताया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके अलावा पूर्वी राजस्थान के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि किसानों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि तेज आंधी और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.
आम के बौर और फलों को तबाह कर रही हैं ये 5 बीमारियां, किसान भाई जानें एक्सपर्ट्स के अचूक उपाय
दिल्ली में भीषण गर्मी का असर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. यहां लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई को दिल्ली में गर्म हवाएं चलेंगी और दिनभर तेज धूप रहेगी. राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दोपहर के समय बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
यूपी में बारिश और तूफान का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग ने 12 से 14 मई के बीच कई जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है. अलीगढ़, मेरठ, नोएडा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बदायूं, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, हरदोई, ज्योतिबाफुले नगर, गोंडा और महाराजगंज में तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजधानी लखनऊ में 10 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है.
बिहार में 15 मई तक बारिश-आंधी का असर
बिहार में मौसम विभाग ने 10 से 15 मई तक कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, किशनगंज और खगड़िया में तेज बारिश हो सकती है.
पटना में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने किसानों को फसल कटाई और भंडारण के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.
उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने के आसार हैं. मौसम विभाग ने 10 से 14 मई तक नैनीताल, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
देहरादून में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी जताई गई है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है. कुल्लू, मंडी, चंबा, शिमला, ऊना, सिरमौर और सोलन में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मनाली में अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है.
पंजाब में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी
पंजाब में भी मौसम विभाग ने 10 से 14 मई तक बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. होशियारपुर, लुधियाना, पठानकोट, कपूरथला, अमृतसर, बठिंडा, मोगा, तरनतारन, मुक्तसर और जालंधर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान में बारिश के साथ लू का असर
राजस्थान में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल सकता है. एक ओर कई जिलों में बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है, वहीं पश्चिमी राजस्थान में लू का असर भी बना रहेगा. मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर, भरतपुर, अलवर, अजमेर, जयपुर और जोधपुर में बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है.
जयपुर में आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. गर्मी और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में भी 11 मई को मौसम खराब हो सकता है. किश्तवाड़, उधमपुर, राजौरी, अनंतनाग, जम्मू, पुलवामा, बारामूला और कुपवाड़ा में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
भारत के सबसे अमीर राज्यों की लिस्ट आई सामने, UP-बिहार का हाल जानकर उड़ जाएंगे होश!
मध्य प्रदेश में बारिश नहीं, लू का प्रकोप
मध्य प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन कई जिलों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. रतलाम, खंडवा, ग्वालियर, नर्मदापुरम, सिंगरौली, खरगोन, दतिया, सागर और सतना में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
भोपाल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.


