Aaj Ka Mausam: देश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने 23 मार्च से 26 मार्च तक पूर्वी और उत्तर भारत समेत कुल 15 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. साथ ही किसानों को विशेष सतर्कता बरतने और खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है.
तापमान में गिरावट और ओलावृष्टि की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार इस बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. इसके अलावा पांच से अधिक राज्यों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना है.
Chaitra Navratri: नवरात्रि में ये गलती की तो पूजा अधूरी मानी जाएगी, जानिए सही नियम
उत्तर-पश्चिम भारत में अलर्ट
उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों जैसे Rajasthan, Himachal Pradesh और Uttarakhand में 23 से 26 मार्च तक भारी बारिश और तूफान की चेतावनी है. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
26 मार्च को Jammu and Kashmir और Ladakh में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 23 और 25 मार्च को गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. वहीं 26 मार्च को कई जिलों में हल्की बारिश और बिजली चमकने का अनुमान है.
पूर्वी भारत में तेज आंधी और बारिश
पूर्वी भारत के Bihar, Jharkhand, Odisha और West Bengal में 24 से 28 मार्च के बीच गरज-चमक, बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 24, 27 और 28 मार्च को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.
मध्य भारत में भी असर
मध्य भारत के Chhattisgarh में 22 और 23 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा 26 मार्च को विदर्भ और 27-28 मार्च को छत्तीसगढ़ में बिजली चमकने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में फिलहाल राहत
राष्ट्रीय राजधानी Delhi में 23 मार्च को बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि सुबह और दोपहर के समय तेज हवाएं चल सकती हैं.
तापमान की बात करें तो अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 25 मार्च के बाद तापमान फिर 35 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलेगी.
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं का असर
Uttar Pradesh में 23 मार्च को बारिश नहीं होगी, लेकिन अगले तीन दिन तेज हवाएं चलेंगी. इसके बाद 27 फरवरी से राज्य के कई जिलों जैसे कानपुर, लखनऊ, आगरा, बरेली, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ और नोएडा में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बिहार में 24 मार्च से बदलेगा मौसम
Bihar में 24 से 28 मार्च के बीच बारिश और तूफान की संभावना है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, गोपालगंज, सारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा और शेखपुरा जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. पटना में 23 मार्च को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश
Uttarakhand के देहरादून, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में 23 मार्च को तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है. 27 से 29 मार्च के बीच फिर से मौसम खराब हो सकता है. वहीं Himachal Pradesh के शिमला, चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और लाहौल-स्पीति में 23 से 26 मार्च तक भारी बारिश का अलर्ट है. मनाली में अधिकतम तापमान 1 डिग्री और न्यूनतम -7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
यूपी किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, 60 हजार जमा करें, खेत में लगवाएं सरकारी ट्यूबवेल
राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट
Rajasthan में 23 मार्च को जयपुर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, चुरू और झुंझुनू जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है. इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जयपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पश्चिम भारत में भी असर
पश्चिम भारत के मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 23 से 25 मार्च के बीच गरज-चमक, आंधी और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
23 से 26 मार्च के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है. ऐसे में लोगों, खासकर किसानों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की जरूरत है.


