Aaj Ka Mausam: इन दिनों देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है. इस बेमौसम बारिश ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं किसानों के लिए यह बड़ी चिंता का कारण बन गई है. खेतों में खड़ी फसलें और खलिहानों में रखा अनाज नुकसान की चपेट में आ सकता है. हालांकि प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी हैं और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.
मौसम विभाग ने किसानों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि खुले में रखे अनाज, बीज और अन्य कृषि उत्पादों को तुरंत ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके.
दिल्ली से देहरादून सिर्फ 2.5 घंटे में…. एशिया का सबसे आधुनिक ग्रीन हाईवे तैयार, सफर बनेगा यादगार!
अब सवाल उठता है कि क्या मौसम का यह बदला हुआ रुख आगे भी जारी रहेगा या जल्द ही इसमें बदलाव देखने को मिलेगा. इससे पहले पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग स्थितियां देखने को मिली हैं. अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आईं.
इसके अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और पूर्वोत्तर के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक दर्ज की गई.
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत पर दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिनका असर 7 और 8 अप्रैल को सबसे ज्यादा रहेगा. इसके चलते कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल को और हिमाचल प्रदेश में 8 अप्रैल को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में 9 अप्रैल तक गरज और बिजली के साथ बारिश जारी रह सकती है.
ओलावृष्टि की बात करें तो 6 अप्रैल को छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कुछ स्थानों पर ओले गिर सकते हैं, जबकि बिहार और झारखंड में 6 और 8 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. अगले पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम रहेगा, जिसके बाद इसमें 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपडेट
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम बदलने वाला है. 7 और 8 अप्रैल को यहां तेज हवाओं के साथ बादल छाए रहने, बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी—7 अप्रैल को न्यूनतम 20 और अधिकतम 31 डिग्री, जबकि 8 अप्रैल को न्यूनतम 18 और अधिकतम 31 डिग्री रह सकता है. 9 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ होने और तापमान बढ़कर 33-34 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में 7-8 अप्रैल को मौसम अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 7 और 8 अप्रैल को मौसम तेजी से बदलेगा. पश्चिमी यूपी में सबसे पहले तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का असर दिखाई देगा, जो धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैल सकता है. इस दौरान लोगों, खासकर किसानों और खुले में काम करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बिहार में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
बिहार में भी 7 अप्रैल को पूरे राज्य में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है. उत्तर बिहार के जिलों में येलो अलर्ट और दक्षिण बिहार में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है, जिससे साफ है कि मौसम का प्रभाव व्यापक रहेगा.
राजस्थान में तेज आंधी और बारिश का दौर
राजस्थान में भी 6 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल रहा है. 7 अप्रैल को इसका प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा, जब कई संभागों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है. 8 अप्रैल को कुछ इलाकों में हल्की बारिश के बाद मौसम शुष्क होने लगेगा और 9 अप्रैल से तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
पंजाब-हरियाणा में भी मौसम खराब
पंजाब और हरियाणा में भी 7 और 8 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
वहीं हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 से 10 अप्रैल के बीच बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं और गरज-चमक का असर बना रहेगा. कुछ स्थानों पर भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना है.
मेरठ तिहरा हत्याकांड: प्यार में बाधा बना भाई, बहन ने रच दी ‘मौत का जाम’ की खौफनाक साजिश
दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा. तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल के कई हिस्सों में 7 से 10 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी आशंका है.
देशभर में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यह अस्थिर दौर जारी रहने की संभावना है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है.


