Aaj Ka Mausam: देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. कहीं बारिश, कहीं आंधी तो कहीं ओलावृष्टि ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम हर क्षेत्र में अलग-अलग मौसमीय परिस्थितियां देखने को मिल रही हैं. पिछले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा दर्ज की गई. वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे. छत्तीसगढ़, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, मराठवाड़ा और तमिलनाडु में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की घटनाएं हुईं. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, असम, मेघालय, मध्य और तटीय महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलीं.
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ लगातार सक्रिय रहेंगे, जिनका प्रभाव 7 और 8 अप्रैल को सबसे ज्यादा रहेगा. इसके चलते 7 अप्रैल को कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. वहीं मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में 9 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 अप्रैल को, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7-8 अप्रैल को, बिहार में 6 और 8 अप्रैल को तथा झारखंड में 6 से 8 अप्रैल के बीच कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है. इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 और 9 अप्रैल को कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. अगले सात दिनों में देशभर में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम रहने की उम्मीद है.
दिल्ली में आज मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम और न्यूनतम सामान्य के आसपास रहेगा. सुबह पश्चिमी हवा लगभग 10 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी, जो दोपहर में बढ़कर 15 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है. शाम और रात में हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी हो जाएगी और इसकी गति घटकर करीब 10 किमी/घंटा रह जाएगी.
पंजाब और हरियाणा में 7 और 8 अप्रैल को मौसम अस्थिर रह सकता है. इस दौरान 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. 7 अप्रैल को कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है और हल्की ठंडक महसूस होगी.
उत्तर प्रदेश में मौसम के अचानक बदलाव ने किसानों और आम लोगों को प्रभावित किया है. 6 अप्रैल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की जानकारी दी गई है. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे के अनुसार देशभर में कई मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके कारण यह अस्थिरता बनी हुई है. उनके मुताबिक यह स्थिति पूरे अप्रैल में जारी रह सकती है.
बिहार में 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है. 6 और 7 अप्रैल को कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं. 7 अप्रैल के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है.
राजस्थान में 6 से 8 अप्रैल के बीच आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. 7 अप्रैल को इसका असर चरम पर रहेगा, जब 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है.
मध्य प्रदेश में भी मौसम अस्थिर रहेगा. कुछ क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि 8 अप्रैल को पश्चिमी हिस्सों में ओले गिरने की संभावना है.
हिमालयी राज्यों में 6 से 9 अप्रैल के बीच मौसम खराब रह सकता है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
दिल्ली से देहरादून सिर्फ 2.5 घंटे में…. एशिया का सबसे आधुनिक ग्रीन हाईवे तैयार, सफर बनेगा यादगार!
सिक्किम में अगले पांच दिनों तक मौसम अस्थिर रहेगा, जहां 6 से 8 अप्रैल के बीच ओले और 8-9 अप्रैल को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. खासकर कोयंबटूर, नीलगिरी, इरोड और थेनी जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. मराठवाड़ा से दक्षिण तमिलनाडु तक फैली निम्न दबाव प्रणाली के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है.


