Aaj Ka Mausam: मौसम के लिहाज से यह सप्ताह देश के लिए काफी बदलाव भरा रहने वाला है. एक ओर जहां आधे से ज्यादा भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कई क्षेत्रों में लू का प्रकोप तेज होने की संभावना जताई जा रही है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, कुछ राज्यों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे भीषण गर्मी का दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं.
हालांकि, पूरे देश में एक जैसा मौसम नहीं रहेगा. अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में निम्न दबाव क्षेत्र के सक्रिय रहने से कई जगहों पर मौसम करवट ले सकता है. अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, ओडिशा और मेघालय के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
पूर्वांचल से बंगाल तक तरक्की की रफ्तार! अब 14 नहीं, सिर्फ 6-7 घंटे में तय होगा सफर
पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने जा रहा है. 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अधिक देखने को मिलेगा, जबकि उत्तराखंड में इसका आंशिक प्रभाव रहेगा. इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
उत्तर भारत में बढ़ेगी गर्मी
मैदानी इलाकों की बात करें तो उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. कई जगहों पर लू जैसी स्थिति बन रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. हालांकि, 19 अप्रैल के बाद मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है.
उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर तेज
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राज्य में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. दिन के समय तेज पछुआ गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लू की स्थिति बनने लगी है.
जैसे ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचता है, हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है. फिलहाल बुंदेलखंड के बांदा जिले में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच चुका है और वहां हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है. आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
बिहार में भी बढ़ेगी गर्मी
उत्तर प्रदेश की तरह बिहार में भी मौसम का मिजाज गर्म बना हुआ है. यहां भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है और अगले सप्ताह से लू का असर और तेज होने का अनुमान है. लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है.
बस स्टैंड नहीं, अब बनेंगे स्मार्ट ट्रैवल हब! 49 बस स्टेशनों की बदलेगी सूरत, योगी सरकार का बड़ा दांव
दिल्ली-एनसीआर में तापमान में बढ़ोतरी
दिल्ली-एनसीआर में भी लगातार गर्मी बढ़ रही है. पिछले कई दिनों से आसमान साफ है, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है. दिन के समय चलने वाली गर्म पछुआ हवाएं आने वाले दिनों में लू का संकेत दे रही हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क रहेगा. अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. हालांकि, 19 अप्रैल के आसपास मौसम बदल सकता है और गरज-चमक के साथ हल्की आंधी और बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है.
एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी के साथ-साथ प्रदूषण भी चिंता का विषय बना हुआ है. क्षेत्र में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के आसपास बना हुआ है, जो गंभीर श्रेणी की ओर संकेत करता है. आनंद विहार में AQI 295, अलीपुर में 275, बवाना में 235, मथुरा रोड पर 230, अशोक विहार में 200 और चांदनी चौक में 168 दर्ज किया गया. वहीं ग्रेटर नोएडा में AQI 300, गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में 315, इंदिरापुरम में 240, वसुंधरा में 215 और संजय नगर में 180 AQI रिकॉर्ड हुआ. हालांकि, अगले सप्ताह संभावित बारिश और तेज हवाओं से प्रदूषण स्तर में कमी आ सकती है.
राजस्थान में बढ़ता तापमान
राजस्थान में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है. खासकर पश्चिमी और सीमावर्ती जिलों में तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है. फिलहाल बाड़मेर 41.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर बना हुआ है, जबकि कोटा में भी तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है. हालांकि, अलवर, सीकर और झुंझुनूं जैसे क्षेत्रों में आंशिक बादलों की वजह से हल्का बदलाव देखा जा रहा है. 19 अप्रैल के बाद कुछ इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है.
हरियाणा और पंजाब में बदलाव के संकेत
हरियाणा और पंजाब में भी तापमान बढ़ रहा है और कई जगहों पर यह 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि जल्द ही लू का दौर शुरू हो सकता है. हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की संभावना भी जताई है. 16 अप्रैल से मौसम बदलना शुरू होगा और 17-18 अप्रैल के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की बारिश की भी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
पंजाब में भी 16 अप्रैल को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 17 और 18 अप्रैल को आंधी-तूफान और बिजली गिरने के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में 17 से 20 अप्रैल के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के पर्वतीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. जम्मू-कश्मीर में भी घाटी और ऊंचे इलाकों में बारिश, बर्फबारी और ओले गिरने का अनुमान है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम ठंडा महसूस होगा.
दक्षिण भारत में हीटवेव का असर
दक्षिण भारत में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि, तटीय क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से केरल के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं तमिलनाडु के आंतरिक जिलों में गर्मी का असर अधिक देखने को मिल रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहांत तक दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में लो प्रेशर एरिया बनने से आंधी-तूफान और मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है.
रफ्तार से बदलेगी तकदीर! नमो भारत ट्रेन का नया खाका, वेस्ट यूपी के शहर अब होंगे दिल्ली से और करीब
सावधानी बरतना जरूरी
देशभर में बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. दिन के समय धूप से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और जरूरी होने पर ही बाहर निकलें. आने वाले दिनों में मौसम के और ज्यादा तीखे होने के संकेत हैं, इसलिए पहले से तैयारी करना बेहद जरूरी है.


