Delhi Meerut Namo Bharat Train Update: दिल्ली से मेरठ तक दौड़ रही नमो भारत ट्रेन अब अपने पंख और फैलाने की तैयारी में है. रैपिड रेल प्रोजेक्ट के दूसरे चरण का खाका तैयार हो चुका है, और अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला, तो जल्द ही खुर्जा, हापुड़, बागपत और बड़ौत जैसे शहर भी हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे. जहां आज इन शहरों के लोग रोजाना दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के लिए लंबा सफर तय करते हैं, वहीं आने वाले समय में नमो भारत ट्रेन उनके सफर को आसान, तेज और आरामदायक बना देगी. यह सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि जीवनशैली में बड़ा बदलाव होगा.
नमो भारत ट्रेन का नया खाका
अभी दिल्ली से मेरठ के बीच सराय काले खां तक नमो भारत ट्रेन का संचालन हो रहा है, जो यात्रियों के लिए तेज और सुविधाजनक सफर का विकल्प बन चुका है. यह कॉरिडोर देश के पहले रैपिड रेल नेटवर्क का उदाहरण है, जिसने पब्लिक ट्रांसपोर्ट के स्तर को एक नई दिशा दी है. रैपिड रेल प्रोजेक्ट के पहले चरण में दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-अलवर (एसएनबी रूट) को जोड़ने की योजना है. ये कॉरिडोर NCR और आसपास के शहरों के बीच आवागमन को तेज और व्यवस्थित बनाएंगे, जिससे ट्रैफिक और समय दोनों की बचत होगी.
वेस्ट यूपी के शहर अब होंगे दिल्ली से और करीब
दूसरे चरण में रोहतक, बहादुरगढ़ समेत वेस्ट यूपी के कई शहरों को नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. इससे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और इन इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. बुलंदशहर, हापुड़, बागपत और बड़ौत से हर दिन बड़ी संख्या में लोग नौकरी के लिए दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा आते-जाते हैं. नई रेल कनेक्टिविटी से उनका सफर तेज, सस्ता और ज्यादा आरामदायक हो जाएगा.
रफ्तार से बदलेगी तकदीर
इस प्रोजेक्ट का एक बड़ा फायदा यह भी होगा कि जो लोग अभी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में किराए के मकानों में रहते हैं, वे रोजाना अपने घर से ही अप-डाउन कर सकेंगे. इससे उनकी जीवनशैली बेहतर होगी और किराए का आर्थिक बोझ भी कम होगा.हालांकि दूसरे चरण के इस बड़े विस्तार के लिए अभी केंद्र सरकार से डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) की मंजूरी मिलनी बाकी है. मंजूरी मिलते ही जमीन पर काम शुरू होगा और आने वाले वर्षों में वेस्ट यूपी का यह इलाका हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जुड़कर विकास की नई कहानी लिखेगा.


