Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट लेकर गर्मी के असर को काफी हद तक कम कर दिया है. बदलते मौसमी पैटर्न के कारण फिलहाल हीटवेव पर ब्रेक लगा हुआ है और लोगों को राहत महसूस हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, पूरे सप्ताह देश के अलग-अलग राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट बनी रहेगी.
मौसम विभाग ने 23 और 24 मार्च के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है. ओडिशा, सिक्किम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, असम, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है. इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का भी खतरा बना हुआ है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
दही-चीनी खाने की परंपरा क्यों? जानिए इसके पीछे का विज्ञान और मान्यता
दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय नजर आ रहा है. यहां एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है. हालांकि, दक्षिण के अन्य हिस्सों में हीटवेव की स्थिति धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में वहां गर्मी बढ़ सकती है.
उधर, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर साफ दिखाई दे रहा है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज हवाएं, बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का दौर जारी है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक इन इलाकों में मौसम इसी तरह सक्रिय बना रहेगा. कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी की भी चेतावनी दी गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
मैदानी इलाकों की बात करें तो दिल्ली, राजस्थान और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. यहां बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है. इससे तापमान सामान्य स्तर पर बना रहेगा और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलती रहेगी.
उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी भारत के बड़े हिस्सों में भी मौसम का पैटर्न बदल रहा है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में आंधी-तूफान, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का खतरा बना हुआ है. इन राज्यों में मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम साफ रहा और हल्की हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली. हालांकि, धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई, लेकिन इसका ज्यादा असर नहीं देखा गया. मौसम विभाग के अनुसार, 23 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश और हवाओं के कारण राजधानी की हवा में भी सुधार हुआ है और एक्यूआई करीब 150 के आसपास दर्ज किया गया है, जिसे ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है.
उत्तर प्रदेश में भी मौसम लगातार बदल रहा है. पिछले तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली है, जिससे कुछ जगहों पर नुकसान भी हुआ है. फिलहाल, पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हो रहा है, जिससे मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है. दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ सकता है, लेकिन अगले सप्ताह तक भीषण गर्मी की संभावना नहीं है. हाल की बारिश के कारण तापमान में लगभग 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, अमरोहा, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का असर देखा गया. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के देवरिया, गोरखपुर, आजमगढ़, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, मऊ, बलिया, संत कबीर नगर और बस्ती में भी भारी बारिश दर्ज की गई. राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बादलों की वजह से मौसम सुहावना बना रहा.
बिहार में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने पटना समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. खासकर मधेपुरा, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, मधुबनी, सहरसा और सुपौल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, गया, दरभंगा, नालंदा, भोजपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, बक्सर, कैमूर और अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. अगले एक सप्ताह तक राज्य में तापमान सामान्य रहने का अनुमान है.
उत्तराखंड में पहाड़ी इलाकों पर मौसम का प्रभाव ज्यादा देखने को मिल रहा है. चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. तेज हवाओं और ठंड के कारण लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है.
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का असर जारी है. रोहतांग, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, सांगला और छितकुल जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, शिमला, सिरमौर और मंडी में गरज-चमक के साथ बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम ने रफ्तार पकड़ ली है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मणिपुर और मिजोरम समेत कई राज्यों में प्री-मानसून जैसी गतिविधियां शुरू हो गई हैं. यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान और बारिश का खतरा बना हुआ है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.
तमिलनाडु में भी कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है. मदुरै, सलेम और तेनकासी में ओले गिरे हैं, जबकि कोयंबटूर, डिंडीगुल, इरोड, नमक्कल और तिरुपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण के कारण केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में भी बारिश जारी रह सकती है. हालांकि, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में हीटवेव की संभावना बनी हुई है.
Weekly Rashifal 23-29 March 2026: किस राशि की चमकेगी किस्मत, किसे रहना होगा सावधान
पश्चिम बंगाल में भी मौसम का असर देखा गया है. कोलकाता में बारिश के कारण तापमान में लगभग 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. अगले पांच दिनों तक राज्य में भारी बारिश की संभावना है, जिससे तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
देशभर में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज फिलहाल गर्मी से राहत दे रहा है, लेकिन आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई क्षेत्रों में सतर्कता जरूरी हो गई है. आने वाले दिनों में मौसम की गतिविधियां इसी तरह जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को बदलते मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या में सावधानी बरतनी होगी.


