Ayodhya News: अयोध्या स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया. कुलपति डॉ बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में यह अभियान आईटी परिसर तथा लव-कुश छात्रावास परिसर में व्यापक स्तर पर चलाया गया. अभियान के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान कर परिसर की सफाई की.
यह भी पढ़ें- JEE Main, UGC NET, CUET PG समेत 14 परीक्षाओं का tentative calendar जारी, दिसंबर से मार्च तक होंगी परीक्षाएं
कुलपति ने क्या कहा?
संबोधन के दौरान कुलपति ने स्वच्छता को जीवन मूल्यों से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिन के पावन अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से स्वच्छता और सेवा का एक नया अध्याय शुरू किया है. स्वच्छता हमारे दैनिक आचरण और जीवनशैली का अभिन्न अंग होनी चाहिए. एक स्वच्छ और स्वस्थ परिवेश ही छात्रों में सकारात्मक ऊर्जा, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना का संचार करता है. आईटी परिसर और लव-कुश छात्रावास के आसपास शिक्षकों, अधिकारियों एवं विशेष रूप से युवा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि हमारा विश्वविद्यालय परिवार समाज को सही दिशा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
हम सभी का यह नैतिक दायित्व है कि हम इस अभियान को परिसर की सीमाओं से आगे बढ़ाकर जन-जन की आदत बनाएं. जब हमारे युवा श्रमदान और सेवा के महत्व को समझेंगे, तभी एक ‘स्वच्छ भारत, सशक्त भारत’ का सपना वास्तविक रूप से साकार होगा. सामूहिक श्रमदान के तहत शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर आईटी संकाय भवनों के आसपास, छात्रावास मार्गों और खेल परिसरों में सफाई अभियान के साथ कुलपति द्वारा मियांबाकी गार्डन में वृक्षारोपण भी किया गया.
यह भी पढ़ें- ‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाएगा अवध विश्वविद्यालय, सेवा संकल्प अभियान को लेकर बड़ा संकल्प
छात्रावास और शैक्षणिक भवनों में स्वच्छता व्यवस्था को नियमित बनाए रखने के लिए विशेष समितियों के गठन पर बल दिया गया. कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने और समाज के प्रति सेवा भाव बनाए रखने का संकल्प दोहराया. इस अवसर पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह, संकायाध्यक्ष एस एस मिश्र, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव, डॉ. विनोद कुमार चौधरी, डॉ. अवध नारायण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, छात्रावास वार्डेन तथा भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.


