Delhi News: दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की ओर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने बताया कि त्योहारों के सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए इस साल करीब 18 हजार विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. पिछले साल त्योहारों के दौरान करीब 12 हजार स्पेशल ट्रेनें संचालित की गई थीं. इस बार दिल्ली क्षेत्र से ही लगभग दो करोड़ लोगों के रेल यात्रा करने का अनुमान है.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बनाया गया विशेष होल्डिंग एरिया
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग होल्डिंग एरिया बनाया गया है. पहले यात्रियों को छह अलग-अलग प्रवेश द्वारों के कारण काफी भ्रम और परेशानी का सामना करना पड़ता था. अब व्यवस्था को सरल बनाते हुए उन्हें एक साझा क्षेत्र में लाया गया है. इसके अलावा सामान की जांच की व्यवस्था को स्टेशन के बाहर स्थानांतरित किया गया है. इससे पहले जहां टिकटिंग की व्यवस्था थी, उस जगह को यात्रियों के बैठने और इंतजार करने के लिए तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य यात्रियों को बिना अनावश्यक देरी के ट्रेन तक पहुंचाना है.
700 से ज्यादा AI कैमरों से होगी यात्रियों की निगरानी
त्योहारों के दौरान स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने तकनीक का भी सहारा लिया है. अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इस साल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 700 से ज्यादा AI-enabled कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों की मदद से यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जाएगी. किसी स्थान पर अधिक भीड़ जमा होने या भगदड़ जैसी स्थिति का खतरा होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी. जरूरत पड़ने पर भीड़ को दूसरे स्थानों की ओर डायवर्ट करने में भी मदद मिलेगी.
पिछले साल से 6 हजार ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी
रेल मंत्री ने बताया कि पिछले साल दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान करीब 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं. इस साल यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए करीब 18 हजार विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है.
रेलवे का अनुमान है कि त्योहारों के दौरान दिल्ली क्षेत्र से लगभग दो करोड़ यात्री रेल के जरिए सफर करेंगे. ऐसे में अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के साथ पीक आवर्स में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तैनाती भी बढ़ाई गई है.
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर रेलवे का फोकस
रेलवे की ओर से त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं. स्टेशन पर प्रवेश, सामान की जांच, प्रतीक्षालय और ट्रेन में चढ़ने तक की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
रेलवे की इन तैयारियों का उद्देश्य दिवाली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों को भीड़, अव्यवस्था और लंबी प्रतीक्षा से राहत देना है.
यह भी पढ़ें- Delhi-NCR में प्रदूषण पर GRAP-3 लागू, दिवाली से पहले CAQM का बड़ा फैसला, कई इलाकों में AQI 474 के पार


