Ayodhya News: अयोध्या के डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय “दीक्षोत्सव खेल प्रतियोगिता–2026” के अंतिम दिन शुक्रवार को विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया. खबर लिखे जाने तक प्रतियोगिताएं अपने अंतिम चरण में थीं और देर शाम समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित था.
विश्वविद्यालय के संरक्षक कुलपति डॉ. बिजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रो. हिमांशु शेखर सिंह के संयोजन में आयोजित खेल महोत्सव के अंतिम दिन शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, स्लो साइकिल रेस, बैग रेस एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.
अंतिम दिन के प्रमुख परिणामों में वॉलीबॉल महिला वर्ग में देव इंद्रावती कटेहरी पीजी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि साकेत पीजी कॉलेज, अयोध्या उपविजेता रहा. वहीं पुरुष वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा बाबा विश्वनाथ पीजी कॉलेज, बीकापुर उपविजेता रहा. वन-लेग रेस के पुरुष वर्ग में अंकित यादव विजेता तथा सुमित उपविजेता रहे. महिला वर्ग में अर्पिता ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शालिनी दूसरे स्थान पर रहीं.
इसी क्रम में बैग रेस के पुरुष वर्ग में सुमित ने प्रथम तथा सचिन दैत्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. महिला वर्ग में शालिनी विजेता और मोनिका उपविजेता रहीं. अंतिम दिन की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ प्रो. हिमांशु शेखर सिंह एवं प्रो. शैलेन्द्र वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुमार मंगलम सिंह ने किया.
प्रतियोगिता प्रभारी ने क्या कहा?
प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. कपिल सिंह राणा ने बताया कि दीक्षोत्सव खेल प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया. उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है.
UPI Charge: ग्राहकों के लिए मुफ्त रहेगा UPI, छोटे कारोबारियों पर भी नहीं लगेगा MDR, PCI ने किया साफ
कौन-कौन मौजूद रहा?
इस अवसर पर प्रो. आशीष प्रताप सिंह, डॉ. अर्जुन सिंह, डॉ. त्रिलोकी यादव, डॉ. संघर्ष सिंह, डॉ. देवेन्द्र वर्मा, डॉ. मोहनी पाण्डेय, डॉ. स्वाति उपाध्याय, आकाश सिंह, श्री अरविन्द यादव सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे. पांच दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया. समाचार लिखे जाने तक अंतिम दिन की प्रतियोगिताएं जारी और देर शाम आयोजित होने वाले समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ दीक्षोत्सव खेल प्रतियोगिता–2026 का औपचारिक समापन होगा.


