Kitchen Cleaning Hacks: रसोई में इस्तेमाल होने वाली चाय और आटे की छलनी (चलनी) ऐसी जरूरी चीजें हैं, जिनका उपयोग लगभग हर दिन होता है. लेकिन नियमित सफाई न होने पर इन पर गंदगी, तेल और चिकनाई जमने लगती है. धीरे-धीरे इनके छोटे-छोटे छेद बंद हो जाते हैं, जिससे काम करना भी मुश्किल हो जाता है.
कई बार ये काली और चिपचिपी भी दिखने लगती हैं, खासकर जब इन्हें दूध, घी या चाय छानने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में जरूरी है कि इन्हें सही तरीके से और समय-समय पर साफ किया जाए. कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से आप अपनी छलनी को मिनटों में चमका सकते हैं.
सबसे पहला और असरदार तरीका है छलनी को उबालना. इसके लिए एक बर्तन में पानी लें और उसमें छलनी डाल दें. अब इसमें थोड़ा बर्तन साफ करने वाला लिक्विड या सर्फ मिला दें. इस पानी को कुछ देर तक उबालें ताकि जमी हुई चिकनाई और गंदगी ढीली पड़ जाए. इसके बाद गैस बंद कर दें और पानी को ठंडा होने दें. जब पानी हल्का ठंडा हो जाए, तो ब्रश की मदद से छलनी को रगड़कर साफ करें. इससे जमी हुई गंदगी आसानी से निकल जाएगी.
अगर छलनी ज्यादा गंदी हो गई है, तो आप नींबू के रस और डिटर्जेंट का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए एक बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें नींबू का रस और थोड़ा सा डिटर्जेंट पाउडर मिलाएं. अब छलनी को इस घोल में कुछ देर के लिए डुबोकर रखें. नींबू का रस चिकनाई को काटने में मदद करता है, जबकि डिटर्जेंट गंदगी को साफ करता है. कुछ देर बाद ब्रश से हल्के हाथों से रगड़कर छलनी को साफ कर लें.
एक और बेहतरीन तरीका है बेकिंग सोडा और सिरका का इस्तेमाल. इसके लिए गुनगुने पानी में एक चम्मच बेकिंग सोडा और आधा कप सिरका डालें. अब इसमें छलनी को डुबो दें. इस मिश्रण से झाग बनता है, जो जमी हुई गंदगी और तेल को हटाने में काफी प्रभावी होता है. थोड़ी देर बाद छलनी को ब्रश से रगड़कर साफ करें और साफ पानी से धो लें.
दिल थामकर बैठिए! यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं के मार्क्स अपलोड, इस दिन आएगा रिजल्ट
इन आसान तरीकों को अपनाकर आप अपनी छलनी को साफ और चमकदार बनाए रख सकते हैं. नियमित सफाई से न केवल आपकी रसोई की चीजें साफ रहेंगी, बल्कि उनका इस्तेमाल भी लंबे समय तक आसानी से किया जा सकेगा.


