नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी हालिया फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर चर्चा में हैं. इसी बीच उनकी सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘गदर’ के तीसरे पार्ट यानी ‘गदर 3’ को लेकर भी फैंस की दिलचस्पी बढ़ गई है. पत्रकार शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में सनी देओल ने ‘गदर 3’ को लेकर पूछे गए एक मजेदार सवाल पर ऐसा जवाब दिया, जिसे सुनकर वह खुद भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
पोते को पाकिस्तान से लाने का फैन ने दिया आइडिया
पॉडकास्ट के दौरान शुभांकर मिश्रा ने फैंस के कमेंट्स पढ़ते हुए सनी देओल के सामने एक दिलचस्प आइडिया रखा. उन्होंने कहा कि एक फैन ने लिखा कि ‘गदर 1’ में आप अपनी बीवी को लेने पाकिस्तान गए थे. ‘गदर 2’ में अपने बेटे और उसकी बीवी को लेने गए. तो क्या यह मान लिया जाए कि ‘गदर 3’ में आप अपने पोते और उसकी बीवी को लेने पाकिस्तान जाएंगे? सवाल सुनते ही सनी देओल जोर-जोर से हंसने लगे. इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि बुरा आइडिया नहीं है, उन्होंने आगे कहा कि यह बात निर्देशक अनिल शर्मा यानी ‘शर्मा जी’ को बतानी पड़ेगी.
तारा सिंह के किरदार को लेकर क्या बोले सनी?
सनी देओल ने अपने आइकॉनिक किरदार तारा सिंह को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि ‘गदर’ हमेशा से एक ‘फील-गुड’ फिल्म रही है और तारा सिंह का किरदार दर्शकों के दिलों के बेहद करीब है. यही वजह है कि इस किरदार को लेकर आज भी फैंस में जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है.
‘गदर 3’ पर अनिल शर्मा की शर्त
बता दें कि ‘गदर: एक प्रेम कथा’ साल 2001 में रिलीज हुई थी, जबकि इसका सीक्वल ‘गदर 2’ साल 2023 में सिनेमाघरों में आया. दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया. ‘गदर 2’ की सफलता के बाद निर्देशक अनिल शर्मा ने ‘गदर 3’ को लेकर कहा था कि वह सिर्फ नाम के लिए फिल्म नहीं बनाएंगे. उनके मुताबिक, अगर ‘गदर’ एक बम थी तो ‘गदर 2’ एटम बम थी, जिसने इतिहास रचा. अब ‘गदर 3’ के लिए उन्हें इससे भी बड़ी यानी ‘न्यूक्लियर बम’ जैसी कहानी चाहिए.
भोपाल-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को मंजूरी, 13 हजार करोड़ से 7 घंटे में पूरा होगा सफर
ऐसे में सनी देओल का फैन के इस आइडिया पर दिया गया जवाब ‘गदर 3’ को लेकर उत्सुकता और बढ़ा देता है. हालांकि, फिल्म की कहानी और आधिकारिक घोषणा को लेकर अभी दर्शकों को मेकर्स की ओर से किसी बड़े ऐलान का इंतजार है.


