ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. कप्पा-2 सेक्टर में प्रस्तावित मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क के लिए दुबई की कंपनी डीपी वर्ल्ड (DP World) ने सबसे ऊंची बोली लगाकर जमीन की नीलामी अपने नाम कर ली है. कंपनी ने ₹15,180 प्रति वर्गमीटर की बोली लगाई है. इस परियोजना के लिए अदाणी समूह समेत कुल तीन कंपनियां बोली की दौड़ में शामिल थीं. प्रस्तावित लॉजिस्टिक पार्क 174.12 एकड़ में विकसित किया जाएगा. इसमें ₹1,200 करोड़ से अधिक के निवेश का अनुमान है और करीब 5,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- हरियाणा में गुरुग्राम-सोनीपत समेत 13 शहरों में बसेंगे नए सेक्टर, 33 हजार एकड़ जमीन खरीदेगी सरकार
11 हजार था रिजर्व प्राइस, 15,180 में लगी बोली
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जमीन की नीलामी के लिए 11,000 प्रति वर्गमीटर रुपये का आरक्षित मूल्य तय किया था. डीपी वर्ल्ड ने इससे काफी अधिक 15,180 प्रति वर्गमीटर रुपये की बोली लगाई. परियोजना एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की होने के कारण प्रदेश सरकार की नीति के तहत इसके नियम, शर्तों और ब्रोशर को पहले ही कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है. अब जमीन आवंटन की आगे की प्रक्रिया शासन स्तर पर पूरी की जाएगी.
कैबिनेट मंजूरी के बाद मिलेगा आवंटन पत्र
प्राधिकरण के मुताबिक, उच्चस्तरीय समिति की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव को प्रदेश कैबिनेट के सामने रखा जाएगा. कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद कंपनी को जमीन आवंटित की जाएगी. तय शर्तों के अनुसार कंपनी को 7 साल के भीतर परियोजना पूरी करनी होगी, जबकि शुरुआती 3 साल में कम से कम 40 प्रतिशत काम पूरा करना जरूरी होगा.
वेयरहाउस से लेकर कंटेनर टर्मिनल तक होंगी सुविधाएं
मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क में आधुनिक लॉजिस्टिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इनमें आधुनिक वेयरहाउसिंग, कोल्ड स्टोरेज, कंटेनर टर्मिनल, मशीनीकृत कार्गो हैंडलिंग, कस्टम क्लीयरेंस की सुविधा शामिल होंगी. यहां विभिन्न प्रकार के माल को एक जगह स्टोर करने और कंटेनरों के जरिए आगे भेजने की सुविधा मिलेगी.
सड़क और रेल से जुड़ेगा पार्क, एयरपोर्ट का भी मिलेगा फायदा
प्रस्तावित मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क को सड़क और रेल दोनों कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी का भी परियोजना को लाभ मिलेगा. इससे ग्रेटर नोएडा और आसपास के उद्योगों को अपने माल की ढुलाई के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा. लॉजिस्टिक लागत कम होने के साथ माल को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना भी आसान होगा.
यह भी पढ़ें- लखनऊ में अपना घर बनाने का सपना होगा पूरा! 6000 प्लॉट की बुकिंग अगले हफ्ते, जानें कीमत और लोकेशन
5 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
परियोजना के विकसित होने से ग्रेटर नोएडा में लॉजिस्टिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है. पार्क में करीब 5,000 लोगों के लिए रोजगार पैदा होने का अनुमान है. इसके साथ ही क्षेत्र में माल परिवहन, भंडारण और कंटेनर आधारित लॉजिस्टिक नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क से क्षेत्र की लॉजिस्टिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी. इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ माल परिवहन और भंडारण के लिए आधुनिक केंद्र विकसित होगा.


