Hardoi Conversion Case: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से धर्मांतरण के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है. टड़ियावां थाना क्षेत्र में लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी दो की तलाश और जांच जारी है.
प्रलोभन देकर कराया जा रहा था धर्म परिवर्तन
यह पूरा मामला टड़ियावां थाना क्षेत्र के महमदापुर गांव का है. ग्राम पनिहैय्या निवासी अलकेश सिंह (पुत्र सुनील सिंह) ने पुलिस को तहरीर देकर इस अवैध गतिविधि की शिकायत की थी. शिकायत के मुताबिक, आरोपी गांव के हिंदू समाज के लोगों को तरह-तरह के प्रलोभन और लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसा रहे थे.
बाइबिल की किताबें बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
वादी अलकेश सिंह के अनुसार, आरोपियों के पास से ईसाई धर्म से जुड़ी धार्मिक किताबें (बाइबिल) भी मिलीं, जिनके जरिए वे ग्रामीणों को लगातार धर्म परिवर्तन के लिए समझा-बुझा रहे थे. इस शिकायत पर टड़ियावां थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया.
आरोपियों के बारे में
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने दबिश देकर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है, रामसिंह पुत्र श्रीकृष्ण के रूप में हुई, वहीं सहमत नगर, थाना पिसावां, जनपद सीतापुर का रहने वाला है, दूसरा आरोपी रामप्रवेश पुत्र आशाराम के रूप में हुई, जो ग्राम रोहतापुर हरदोई का ही रहने वाला है.
मौत या मर्डर? सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, आखिर कब्र से निकाला गया किशोरी का शव
बाकी आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस टीम को मिली सफलता
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में टड़ियावां थाना के प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन, उपनिरीक्षक व्यास यादव, उपनिरीक्षक विक्रांत गौतम, कांस्टेबल केशव सोलंकी, विशाल पाण्डेय और उत्कर्ष शर्मा शामिल रहे. पुलिस इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.


