Jaunpur-Mungra Badshahpur Four Lane: पूर्वांचल के लोगों के लिए सड़क कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी खबर है. जौनपुर से मुंगराबादशाहपुर तक चार लेन सड़क बनाई जाएगी. करीब 1,400 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि जून तक परियोजना का अवार्ड कराकर काम शुरू कराने का लक्ष्य है. फोरलेन बनने के बाद जौनपुर से प्रयागराज के बीच सफर में लगने वाला करीब दो घंटे का समय घटकर 50 मिनट से एक घंटे रह जाएगा.
जौनपुर को मिली बड़ी सौगात, इन सड़कों पर भी बनी सहमति
राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने इस परियोजना को जौनपुर के लिए बड़ी सौगात बताया. उन्होंने केंद्रीय मंत्री के सामने कई अन्य सड़क संबंधी मांगें भी रखीं. इनमें नडार में अंडरपास, बेलवा-मुंगराबादशाहपुर मार्ग पर गडिवा गांव में अंडरपास, बेलवा से मुंगराबादशाहपुर तक खराब सड़क की मरम्मत और जंघई से मुंगराबादशाहपुर तक सड़क का चौड़ीकरण शामिल है. केंद्रीय मंत्री ने इन मांगों पर सहमति जताई.
कृपाशंकर सिंह ने सौंपे तीन सड़क परियोजनाओं के प्रस्ताव
महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जौनपुर से जुड़ी तीन सड़क परियोजनाओं के प्रस्ताव सौंपे. उन्होंने जौनपुर से प्रयागराज होते हुए मुंगराबादशाहपुर, बदलापुर और शाहगंज के रास्ते गोरखपुर तक जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर फोरलेन बनाने की मांग की.
इसके अलावा केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के तहत मुंगराबादशाहपुर से जंघई तक करीब 18 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और उच्चीकरण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया. कृपाशंकर सिंह के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया और विस्तृत प्रस्ताव देने को कहा.
गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे समेत कई परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
पूर्वांचल और आसपास के जिलों में सड़क नेटवर्क मजबूत करने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार, गोरखपुर से शामली तक छह लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा गया है.
वहीं, गाजीपुर से मांझी घाट तक चार लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. इसके बनने से गाजीपुर और बलिया का बिहार के बक्सर, छपरा और पटना से संपर्क बेहतर होगा. फिलहाल इस मार्ग से मांझी घाट पहुंचने में करीब चार घंटे लगते हैं, जो घटकर डेढ़ घंटे रह जाएंगे.
बाराबंकी-बहराइच से मिर्जापुर-अयोध्या तक सड़क परियोजनाएं
सड़क कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए बाराबंकी से बहराइच तक 102 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी. यह लखनऊ-रुपईडीहा अंतरराष्ट्रीय कॉरिडोर का हिस्सा होगी.
इसके अलावा मिर्जापुर से जौनपुर होते हुए अयोध्या तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. इससे राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और अंबेडकर नगर के शिवबाबा धाम तक पहुंचना आसान होगा. इस परियोजना के पूरा होने पर जौनपुर से अयोध्या का सफर साढ़े तीन घंटे से घटकर करीब डेढ़ से पौने दो घंटे रह जाने की उम्मीद है.
चित्रकूट-प्रयागराज और बैरिया-आरा सड़क पर भी तैयारी
चित्रकूट से प्रयागराज के बीच करीब 3,000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना का अवार्ड मार्च 2027 तक किए जाने का लक्ष्य है. वहीं, बैरिया-आरा फोरलेन सड़क पर करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसका अवार्ड भी मार्च 2027 तक प्रस्तावित है.
मऊ-बलिया फोरलेन सड़क परियोजना पर भी करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके लिए जून तक अवार्ड किए जाने की योजना है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से पूर्वांचल और बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ यात्रा का समय भी कम होगा.
यह भी पढ़ें- ‘15 नवंबर को इंदौर जरूर आऊंगा…’, कॉन्सर्ट रद्द होने की अफवाहों पर दिलजीत दोसांझ का जवाब, बोले- पहले पोहा खाएंगे फिर…


