Hardoi Traffic Diversion: सावन का महीना आ चुका है. चारों तरफ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे सुनाई देना शुरू हो चुका है. शिव मंदिर भगवान भोलेनाथ के भक्तों से गुलजार होने लगे हैं. वहीं, श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, प्रमुख धार्मिक पर्वों और मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में विशेष यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है.
हरदोई पुलिस ने आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारी वाहनों के आवागमन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. निर्धारित अवधि के दौरान कई मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि कई रूटों पर वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही कराई जाएगी.
डेढ़ लाख का मोबाइल मिला लेकिन नहीं डगमगाया ईमान, ई-रिक्शा चालक इमरान ने पेश की इंसानियत की मिसाल
इन रूटों से होकर जाएंगे भारी वाहन
हरदोई पुलिस के अनुसार कानपुर और कन्नौज से मेहंदीघाट, बिलग्राम, मल्लावां और हरदोई होते हुए सीतापुर एवं लखनऊ जाने-आने वाले सभी भारी वाहन कन्नौज बक्सीपुरवा से बिल्हौर होते हुए बांगरमऊ कट (किमी-238) से आगरा एक्सप्रेस-वे के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.
इसी तरह सीतापुर से हरदोई होते हुए उन्नाव, कन्नौज और कानपुर जाने वाले भारी वाहनों को हरदोई बाईपास और एनएच-24 (सीतापुर-लखनऊ मार्ग) से लखनऊ होते हुए आगरा एक्सप्रेस-वे का उपयोग करना होगा.
लखनऊ से हरदोई होकर उन्नाव, कन्नौज और कानपुर जाने वाले सभी भारी वाहन आगरा एक्सप्रेस-वे और एनएच-27 (लखनऊ-उन्नाव-कन्नौज मार्ग) से गुजरेंगे. वहीं लखनऊ से हरदोई होकर शाहजहांपुर और बरेली जाने वाले भारी वाहनों को एनएच-24, आगरा एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से भेजा जाएगा.
इन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद
हरदोई पुलिस ने कुछ मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाई है. इनमें बांगरमऊ (उन्नाव) से मल्लावां-हरदोई मार्ग, सीतापुर से उन्नाव की ओर जाने और आने वाले भारी वाहन, कन्नौज से मेहंदीघाट होकर बिलग्राम एवं मल्लावां-हरदोई मार्ग तथा अल्हागंज-सवायजपुर मार्ग शामिल हैं.
जिले के भीतर इन स्थानों पर रहेगा प्रतिबंध
जनपद हरदोई के अंदर भी कई स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इनमें मेहंदीघाट से मल्लावां-बिलग्राम मार्ग, बिलग्राम चुंगी से बिलग्राम नगर, उन्नाव सीमा से मल्लावां, मल्लावां, माधौगंज, बिलग्राम एवं सांडी मार्ग, प्रतापनगर चौराहा से बघौली एवं माधौगंज मार्ग, नैमिषारण पुल (थाना बेनीगंज) से हरदोई मार्ग, आशू तिराहा से सण्डीला-मल्लावां मार्ग, जहानीखेड़ा चौकी (एनएच-24) से पिहानी-हरदोई मार्ग, शाहाबाद-सण्डीला मार्ग (एनएच-731), रूपापुर से पाली, शाहाबाद एवं पिहानी मार्ग शामिल हैं. इसके अलावा गंगा एक्सप्रेस-वे पर मल्लावां, बिलग्राम और रूपापुर कट से भारी वाहनों का उतरना भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
कब-कब लागू रहेगा डायवर्जन
हरदोई पुलिस ने अलग-अलग धार्मिक आयोजनों और पर्वों को ध्यान में रखते हुए डायवर्जन की अवधि भी तय की है.
अवधि प्रमुख अवसर
1 अगस्त प्रातः 8 बजे से 4 अगस्त रात्रि 11 बजे/भीड़ समाप्ति तक 3 अगस्त प्रथम सोमवार, 4 अगस्त चेहल्लुम
8 अगस्त प्रातः 8 बजे से 12 अगस्त रात्रि 11 बजे/भीड़ समाप्ति तक 10 अगस्त द्वितीय सोमवार, 11 अगस्त श्रावण शिवरात्रि, 12 अगस्त हरियाली अमावस्या
14 अगस्त प्रातः 8 बजे से 18 अगस्त रात्रि 11 बजे/भीड़ समाप्ति तक 15 अगस्त हरियाली तीज, 17 अगस्त तृतीय सोमवार, 17 अगस्त नागपंचमी
23 अगस्त प्रातः 8 बजे से 25 अगस्त रात्रि 11 बजे/भीड़ समाप्ति तक 24 अगस्त अंतिम सोमवार
27 अगस्त प्रातः 8 बजे से 28 अगस्त रात्रि 11 बजे/भीड़ समाप्ति तक 28 अगस्त श्रावण पूर्णिमा स्नान एवं मेला समापन
हरदोई पुलिस की आम लोगों से अपील
हरदोई पुलिस ने सभी वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. पुलिस और यातायात विभाग द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करने से अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सकता है. पुलिस ने यह भी कहा है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपने मार्ग की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि सफर सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके.
स्रोत: हरदोई पुलिस प्रेस नोट, दिनांक 31 जुलाई 2026.


