गुजरात: दिवाली की छुट्टियों में गुजरात के सौराष्ट्र स्थित सफारी पार्कों में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली. एशियाई शेरों के दीदार के लिए देश-विदेश से पहुंचे 80 हजार से अधिक पर्यटकों ने वन्यजीव पर्यटन को नई रफ्तार दी. 9 से 15 नवंबर तक चले इस पर्यटन सीजन में गुजरात वन विभाग को 1.59 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ. पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिला है.
वन विभाग के मुताबिक, इस दौरान गिर और देवलिया सफारी पार्क पर्यटकों की पहली पसंद रहे. यहां जीप और बस सफारी के जरिए कुल 60,661 पर्यटक एशियाई शेरों को देखने पहुंचे. इन दोनों स्थानों से वन विभाग को करीब 1.21 करोड़ रुपये की कमाई हुई. साल 2025 में इसी अवधि के दौरान यह राजस्व 1.15 करोड़ रुपये था. इस तरह 2026 में कमाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
गिरनार, अंबार्डी और बरदा सफारी में भी बढ़ी पर्यटकों की संख्या
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, जूनागढ़ की गिरनार नेचर सफारी, अमरेली की अंबार्डी सफारी पार्क और पोरबंदर की बरदा सफारी में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है. 9 से 15 नवंबर 2026 के बीच इन तीनों सफारी पार्कों में कुल 20,282 पर्यटक पहुंचे, जबकि 2025 में यह संख्या 18,114 थी. यानी पर्यटकों की संख्या में 11.97 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
इन सफारी पार्कों से वन विभाग की कमाई भी बढ़ी है. साल 2025 में जहां इन तीनों स्थानों से 34 लाख रुपये का राजस्व मिला था, वहीं 2026 में यह बढ़कर 38 लाख रुपये हो गया. इस तरह राजस्व में 11.10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई.
गिरनार नेचर सफारी पर्यटकों की पसंद में आगे
सीएमओ के मुताबिक, गिरनार नेचर सफारी में पर्यटकों की संख्या में 68.13 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है. इसे वन विभाग के बेहतर प्रबंधन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के प्रयासों का परिणाम बताया गया है.
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया तथा राज्य मंत्री प्रवीण माली के नेतृत्व में सासण गिर के अलावा अंबार्डी, बरदा, गिरनार और देवलिया जैसे पर्यटन स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है. इसका फायदा यह हुआ है कि पर्यटक अब केवल गिर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सौराष्ट्र के दूसरे सफारी पार्कों का भी रुख कर रहे हैं.
सफारी पर्यटन से स्थानीय परिवारों को मिला रोजगार
सफारी पार्कों में पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर स्थानीय लोगों की आजीविका पर भी दिखाई दे रहा है. जीप चालक, नेचर गाइड, होटल और रिसॉर्ट संचालक, होमस्टे मालिक, हस्तशिल्प कारीगर और खाद्य एवं परिवहन व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों को इससे आमदनी के नए अवसर मिल रहे हैं.
इसके साथ ही सफारी पार्कों के जरिए पर्यटकों को वन्यजीवों और प्राकृतिक वातावरण को करीब से समझने का मौका मिल रहा है. इससे पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है.
वन विभाग के अनुसार, सफारी पार्कों से होने वाली कमाई का इस्तेमाल वन्यजीव संरक्षण और पर्यटकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जा रहा है. इस तरह गुजरात में वन्यजीव पर्यटन प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रहा है.
यह भी पढ़ें- रिलीज से ठीक 5 दिन पहले टली रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘मैसा’, मेकर्स बोले- बिना समझौते के दर्शकों तक पहुंचाएंगे फिल्म
यह भी पढ़ें- गोवा में CJP का शक्ति प्रदर्शन, जमीन और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा, धारा 39A खत्म करने की मांग


