Lust Stories 3 Trailer: लंबे इंतजार के बाद Netflix की चर्चित एंथोलॉजी सीरीज ‘Lust Stories 3’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस बार कहानी में प्यार, रिश्तों, चाहत और उनके बीच पैदा होने वाली उलझनों को चार अलग-अलग कहानियों के जरिए दिखाया गया है. सीरीज की खास बात है कि इसे विक्रमादित्य मोटवानी, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज ने निर्देशित किया है.
यह भी पढ़ें- सहारा के 41.56 लाख जमाकर्ताओं को 9,267 करोड़ का रिफंड, पोर्टल फिर बहाल
ट्रेलर में चारों कहानियों की अलग-अलग झलक देखने को मिलती है. हर कहानी का अपना अंदाज, भावनाएं और ट्विस्ट हैं, लेकिन सभी एक सवाल के इर्द-गिर्द जुड़ती हैं, आखिर इंसान चाहता क्या है और उसकी इच्छाएं उसके रिश्तों को किस तरह बदल देती हैं?
स्टार्स से सजी है सीरीज की कास्ट
‘Lust Stories 3’ में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, सना थंपी, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, सिद्धार्थ, अली फजल और गुरफतेह पीरजादा जैसे कलाकार नजर आएंगे. ट्रेलर में कहीं आकर्षण रिश्तों को उलझाता दिखता है तो कहीं रोजमर्रा की जिंदगी में अचानक पैदा हुई चाहत कहानी को नया मोड़ देती है. सीरीज में रोमांस के साथ ड्रामा, कॉमेडी, असुरक्षा और भावनात्मक टकराव भी देखने को मिलेगा.
डायरेक्टर्स ने बताई कहानी की खासियत
विक्रमादित्य मोटवानी ने बताया कि उन्हें इस एंथोलॉजी में रोजमर्रा की जिंदगी और अचानक पैदा होने वाली किसी अनपेक्षित इच्छा के बीच के टकराव को तलाशने का मौका मिला. वहीं किरण राव ने आकर्षण की पहली चिंगारी और उसके बाद आने वाले अप्रत्याशित परिणामों को कहानी का अहम हिस्सा बताया. शकुन बत्रा ने रिश्तों में मौजूद भावनात्मक उलझनों की बात करते हुए कहा कि एक ही रिश्ते में प्यार, असुरक्षा, आकर्षण और निराशा जैसी भावनाएं एक साथ मौजूद हो सकती हैं.
यह भी पढ़ें- Instagram पर छाया 1980 फोटो ट्रेंड, AI से ऐसे बनाएं अपनी रेट्रो तस्वीर
18 सितंबर को Netflix पर होगी रिलीज
ट्रेलर सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजरें सीरीज की रिलीज पर हैं. ‘Lust Stories 3’ का प्रीमियर 18 सितंबर को Netflix पर होगा. चार अलग-अलग निर्देशकों और दमदार स्टारकास्ट की वजह से यह एंथोलॉजी रिलीज से पहले ही चर्चा में है.


