Muzaffarnagar Honor Killing: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से ‘ऑनर किलिंग’ (झूठी शान के लिए हत्या) का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां आज यानी रविवार को एक कलयुगी भाई ने अपनी सगी बहन की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारा भाई मौके से फरार हो गया. घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
मनोरमा नदी की पुकार सुन उठा युवा, बस्ती से मन की बात तक गूंजी बदलाव की कहानी
कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव की बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदमपुर गांव की रहने वाली 21 वर्षीय अदीबा का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. वह अक्सर उस युवक से फोन पर बातचीत किया करती थी. अदीबा का फोन पर बात करना उसके 25 वर्षीय भाई आमिर को नागवार गुजर रहा था. इसी बात से नाराज होकर रविवार को आमिर ने आव देखा न ताव और अपनी सगी बहन पर चाकू से हमला कर दिया. उसने बेरहमी से अदीबा का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया और खुद मौके से भाग निकला.
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
वारदात की सूचना मिलते ही मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात (SPRA) और क्षेत्राधिकारी (CO) भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से जरूरी सबूत और फोटोग्राफ्स इकट्ठा किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है.
एसएसपी मुजफ्फरनगर का आधिकारिक बयान
शाहपुर थाने के आदमपुर गांव के चौकीदार द्वारा पुलिस को सूचना मिली थी कि अदीबा (उम्र लगभग 21-22 वर्ष) नाम की लड़की की उसके सगे भाई आमिर ने गला काटकर हत्या कर दी है. घटना की वजह लड़की का किसी लड़के से फोन पर बात करना था, जिससे नाराज होकर भाई ने चाकू से वार कर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस, एसपीआरए और सीओ द्वारा मौके का निरीक्षण कर लिया गया है. फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने सभी आवश्यक तथ्य और साक्ष्य जुटा लिए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. संजय कुमार वर्मा, एसएसपी मुजफ्फरनगर.
आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी
पुलिस ने पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस की टीमें फरार आरोपी आमिर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस प्रशासन का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर समाज में रूढ़िवादी सोच और झूठी शान के नाम पर अपनों के ही खून बहाने की क्रूर मानसिकता को उजागर कर दिया है.


