Rajasthan Heatwave Alert: राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, जहां तापमान लगातार ऊंचाई पर बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. खासकर पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, चूरू, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे जिलों में गर्मी का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिल रहा है. इन इलाकों में कई स्थानों पर तापमान 42 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. वहीं राजधानी जयपुर में भी दिन का तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
यूपी में एक और हाईवे होगा 6 लेन, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, किसानों के लिए राहत की खबर
वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में विभिन्न वायुमंडलीय प्रणालियां सक्रिय हैं, लेकिन उनका असर सीमित बना हुआ है. जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ के रूप में ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों में करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके अलावा उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 110 नॉट्स की रफ्तार से उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी बह रही है. हालांकि इन सभी मौसमी सिस्टम्स का प्रभाव राजस्थान के मौसम पर बहुत ज्यादा नहीं पड़ रहा है.
हीटवेव की स्थिति
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है और मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा. इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनने की भी संभावना है, जिससे लोगों को और अधिक गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 26 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. जयपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है, जहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इसके अलावा झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा और कोटपुतली-बहरोड़ क्षेत्रों में भी तेज गर्मी का असर बना रहेगा.
इस दिन छा सकते हैं बादल
23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, लेकिन इसका राजस्थान पर सीधा प्रभाव सीमित रहने की संभावना है. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के बादल या मामूली बदलाव देखने को मिल सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है.
यूपी में अब सिर्फ 1000–1500 रुपये में मिलेगा घर, सरकार का श्रमिकों के लिए बड़ा फैसला
किसान रहें सावधान
इस भीषण गर्मी का असर कृषि पर भी पड़ रहा है. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे सिंचाई व्यवस्था को मजबूत रखें और फसलों को तेज धूप से बचाने के उपाय करें. वहीं स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक को लेकर चेतावनी जारी की है और लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है.


