Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम अब गर्मी के खतरनाक रंग दिखाना शुरू कर चुका है. भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, राजस्थान में आंधी-तूफान और बारिश का दौर अब पूरी तरह थम चुका है और प्रदेश में तेज गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दिन में तेज धूप और लू जैसे हालात बनने लगे हैं. आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना जताई गई है.
मंगलवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 41.6°C दर्ज किया गया, जबकि कोटा 41.5°C और चित्तौड़गढ़ 40.8°C के साथ बेहद गर्म रहे. जैसलमेर और चूरू में 40.5°C, वहीं श्रीगंगानगर में 39.6°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 38.8°C दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर 39.8°C और जोधपुर 39.2°C के साथ गर्म रहे. इसके अलावा भीलवाड़ा, अजमेर, सीकर, झुंझुनूं और नागौर समेत अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा.
नोएडा बना रणक्षेत्र: मजदूरों का गुस्सा भड़का, पुलिस पर पथराव… सड़कों पर बवाल और दहशत का माहौल!
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अगले 5 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इसका सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ेगा, जहां दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है.
मौसम विभाग ने 17 और 18 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर जिलों में उष्ण लहर चलने की संभावना है. हालांकि 14 से 16 अप्रैल के बीच किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी रहेगी.
किसानों के लिए भी विशेष सलाह जारी की गई है. विभाग ने कहा है कि खुले में रखी फसल, अनाज और जिंसों को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें ताकि तेज गर्मी और लू से नुकसान से बचाया जा सके.
वहीं, मानसून 2026 को लेकर भी अहम अपडेट सामने आया है. India Meteorological Department के अनुसार इस वर्ष जून से सितंबर के बीच कुल मानसूनी वर्षा दीर्घकालीन औसत (LPA) का लगभग 92 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम है. इसके पीछे अल नीनो प्रभाव को मुख्य कारण बताया गया है, जिससे गर्मी अधिक रहने और बारिश कम होने की संभावना जताई गई है.
राजस्थान में आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक तीखी होने वाली है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है.


