Ramayana New Posters: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के नए पोस्टर सामने आए हैं. इन पोस्टरों में भगवान राम और राजा दशरथ के बीच पिता-पुत्र के भावुक रिश्ते की झलक देखने को मिली है. एक पोस्टर में राम अपने पिता के सामने घुटनों के बल बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे में वह नदी के जल में अस्थि विसर्जन की रस्म निभाते दिखाई देते हैं.
यह भी पढ़ें- Mr Faisu Wedding: मदीना में मिस्टर फैसू ने किया निकाह, पत्नी के साथ शेयर की पहली तस्वीरें, प्रिंस नरूला ने दी बधाई
पिता-पुत्र के रिश्ते को दिखाता है पहला पोस्टर
‘रामायण’ के नए पोस्टरों में से एक में भगवान राम अपने पिता राजा दशरथ के सामने घुटनों के बल बैठे हैं. राजा दशरथ अपने पुत्र को आशीर्वाद देते नजर आते हैं. यह दृश्य राम के वनवास से जुड़े दर्द, प्रेम और कर्तव्य की भावना को दर्शाता है. पोस्टर में पिता और पुत्र के बीच का भावनात्मक जुड़ाव साफ दिखाई देता है.
नदी में अस्थि विसर्जन करते दिखे भगवान राम
दूसरे पोस्टर में भगवान राम नदी के जल में खड़े होकर अस्थि विसर्जन की रस्म निभाते नजर आते हैं. चारों ओर हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता के बीच दिखाया गया यह दृश्य राम की यात्रा के भावनात्मक पहलू को सामने लाता है.
पोस्टर साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा, “एक पिता वचन से बंधा था. एक पुत्र कर्तव्य से. दोनों में से किसी को नहीं पता था कि यह उनकी आखिरी विदाई होगी.” यह कैप्शन राजा दशरथ और भगवान राम के रिश्ते तथा उनके बिछड़ने के दर्द को रेखांकित करता है.
रणबीर कपूर निभा रहे हैं भगवान राम का किरदार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है. इसे दो भागों में रिलीज करने की योजना है.
दिवाली 2026 और 2027 पर रिलीज होंगे दोनों भाग
मेकर्स की योजना के मुताबिक, ‘रामायण’ का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर दुनियाभर में रिलीज होगा. फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी. इसे IMAX फॉर्मेट में भी दिखाया जाएगा. फिल्म का भारत के बाहर वैश्विक वितरण सोनी पिक्चर्स संभालेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में वितरण की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस के पास होगी.
यह भी पढ़ें- Riyadh Airport Blast: रियाद एयरपोर्ट पर धमाके का दावा, दर्जनों लोगों की मौत, हूतियों पर शक


