Lifestyle Desk: अगर आपके घर में भी ठंड के मौसम में गैस सिलेंडर तेजी से खाली हो जाता है, तो वजह सिर्फ ठंड नहीं है. असल में हमारी रोज़मर्रा की कुकिंग आदतें गैस की खपत को चुपचाप बढ़ा देती हैं. अच्छी खबर यह है कि खाने बनाते समय कुछ छोटे बदलाव करके न सिर्फ गैस बचाई जा सकती है, बल्कि रसोई का काम भी पहले से तेज़ हो जाता है.
ठंड नहीं, किचन की ये आदतें बढ़ा देती हैं गैस खर्च
सर्दियों में लोग मान लेते हैं कि गैस ज़्यादा इसलिए खर्च हो रही है क्योंकि मौसम ठंडा है. जबकि हकीकत यह है कि ठंडी चीज़ों को सीधे पकाना, बर्नर की सफाई न करना और गलत बर्तन का इस्तेमाल, ये सब गैस की खपत बढ़ाने की बड़ी वजहें हैं.
ओवरथिंकिंग क्यों होती है और इससे कैसे बाहर निकलें? जानें दिमाग को कैसे करें शांत
फ्रिज से सीधे पकाना पड़ता है भारी
सर्दियों में सब्जियां, दूध या आटा अक्सर सीधे फ्रिज से निकालकर गैस पर रख दिए जाते हैं. ठंडी सामग्री को गर्म होने में ज़्यादा समय लगता है, जिससे गैस अधिक खर्च होती है.
क्या करें?
खाना बनाने से 30-45 मिनट पहले सामग्री को फ्रिज से बाहर निकालकर कमरे के तापमान पर आने दें. इससे खाना जल्दी पकेगा और 10-15% तक गैस की बचत हो सकती है.
पीली लौ दिखे तो समझिए गैस बर्बाद हो रही है
ठंडी और नम हवा के कारण बर्नर के छोटे छेद बंद हो जाते हैं. इसका नतीजा-पीली या नारंगी लौ, जो गैस को पूरी तरह जलने नहीं देती.
क्या करें?
हफ्ते में एक बार टूथब्रश और साबुन के पानी से बर्नर साफ करें.
याद रखें, नीली लौ सही गैस खपत और साफ बर्तनों की पहचान है.
खुले बर्तन छोड़िए, प्रेशर कुकर अपनाइए
सर्दियों में खुले बर्तन की गर्मी जल्दी बाहर निकल जाती है, जिससे खाना देर से पकता है. सबसे बेहतर तरीका दाल, सब्जी या चावल के लिए प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करें. यह खुले बर्तन की तुलना में 70% तक गैस बचाता है. अगर कढ़ाई या पैन में बना रहे हैं, तो ढक्कन ज़रूर लगाएं.
ज़्यादा पानी = ज़्यादा गैस खर्च
दाल, चावल या सब्जी बनाते समय अक्सर ज़रूरत से ज्यादा पानी डाल दिया जाता है. इससे उबालने और पकाने में अतिरिक्त गैस खर्च होती है.
क्या करें?
सिर्फ उतना ही पानी डालें जितना जरूरी हो. दाल या चावल को 30 मिनट पहले भिगो दें. भीगे हुए अनाज जल्दी पकते हैं और गैस की बचत होती है.
गैस जली और आप मसाले ढूंढते रहे?
अक्सर लोग गैस जला देते हैं और फिर सब्जी काटना या मसाले तलाशना शुरू करते हैं. इस दौरान गैस बेवजह जलती रहती है.
स्मार्ट तरीका – मिस-एन-प्लान टेक्निक
खाना बनाने से पहले सभी सब्जियां, मसाले और बर्तन पास में रखें. इससे कुकिंग तेज़ होती है. गैस की खपत कम होती है.
मां, पत्नी, बहू बनते-बनते खुद को खो दिया? ये Self-Care टिप्स बदल देंगी ज़िंदगी
छोटे बर्तन के लिए बड़ा बर्नर? गलती यहीं होती है
छोटे बर्तन पर बड़े बर्नर का इस्तेमाल करने से लौ बर्तन के बाहर निकल जाती है और गैस हवा में बर्बाद होती है.
ध्यान रखें.
छोटे बर्तन के लिए छोटा बर्नर.
बड़े बर्तन के लिए बड़ा बर्नर
सही बर्नर चुनने से खाना जल्दी और कम गैस में पकता है.
थोड़ी समझदारी, बड़ी बचत
सर्दियों में गैस बचाने के लिए किसी बड़े बदलाव की जरूरत नहीं है.
बस सामग्री का सही तापमान, साफ बर्नर, ढक्कन वाला बर्तन और थोड़ी प्लानिंग-
यही छोटे कदम आपके गैस सिलेंडर को ज्यादा दिनों तक चलाने में मदद कर सकते हैं.


