UP Election 2027: यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. बता दें कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और भाजपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर सवाल उठाए हैं. अखिलेश यादव ने दावा किया कि SBSP गठबंधन में 36 सीटों की मांग कर रही है. उनके मुताबिक, यह मांग सीटों की वास्तविक दावेदारी से ज्यादा NDA से बाहर निकलने का बहाना हो सकती है.
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि SBSP ने BJP के सामने 36 सीटों का आंकड़ा तय कर लिया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह सीटों की सूची नहीं, बल्कि NDA से अलग होने का बहाना है. सपा प्रमुख का तर्क है कि अगर BJP SBSP को 36 सीटें देती है तो गठबंधन में शामिल दूसरी पार्टियां भी अपने प्रभाव और हिस्सेदारी के हिसाब से सीटों की मांग करेंगी.
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में BJP के पास चुनाव लड़ने के लिए करीब आधी सीटें ही बचेंगी. अखिलेश ने इसी संदर्भ में BJP की ओर से 209 उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने पर भी टिप्पणी की.
कानून-व्यवस्था को लेकर भी BJP पर साधा निशाना
इससे पहले भी अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर BJP सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने X पर पोस्ट कर दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने के कारण BJP को 2027 के विधानसभा चुनाव में नुकसान उठाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था का रिकॉर्ड पूरी तरह विफल हो चुका है और BJP के नेता तथा उम्मीदवार भी इससे छुटकारा पाना चाहते हैं.
403 सीटों पर होगा मुकाबला
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं. साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए BJP, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. ऐसे में NDA के भीतर सीट बंटवारे को लेकर होने वाली बातचीत और विपक्षी दलों के बयान आने वाले दिनों में प्रदेश की सियासत को और गर्मा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के स्कूल-कॉलेजों में लागू होगी ‘एहसास 2026’ नीति, छात्रों को मिलेगी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी मदद
यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट जाना होगा आसान! फरीदाबाद-गुरुग्राम को जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का 80% काम पूरा


