बहरोड़ के बर्डोद में सड़क किनारे मिले शटरिंग मिस्त्री सतीश सैनी उर्फ लीलाराम की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, पत्नी रेखा ने प्रेमी राजेश और उसके दोस्त शमशेर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. आरोपियों ने सतीश को हरियाणा के खामपुरा गांव स्थित राजेश के मुर्गी फार्म पर बुलाया. वहां मारपीट कर अचेत किया. फिर बाइक पर बर्डोद में वीरमती होटल के पास छोड़ दिया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है.
11 नवंबर को मिला था शव
एसपी सतवीर सिंह के अनुसार, 11 नवंबर को वीरमती होटल के पास शव मिलने पर सदर थाना पुलिस पहुंची. सतीश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पहचान बर्डोद निवासी 38 वर्षीय सतीश सैनी उर्फ लीलाराम के रूप में हुई. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया.
पुलिस ने 34 वर्षीय राजेश उर्फ राजू मिस्त्री निवासी पदमाड़ा खुर्द, थाना मुंडावर और 27 वर्षीय शमशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है. एसपी के मुताबिक, हत्या के पीछे बीमा क्लेम और सड़क दुर्घटना बीमा की राशि हासिल करने की साजिश सामने आई है. आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य लोगों की भूमिका जांची जा रही है.
पत्नी से अलग रहता था सतीश
मृतक के बड़े भाई मुकेश सैनी ने बताया कि सतीश की शादी 2003 में हमीरपुर गांव में हुई थी. मनमुटाव के कारण पत्नी कई वर्षों से बानसूर में रह रही थी. उनके दो बेटियां और एक बेटा हैं. 22 वर्षीय बड़ी बेटी की शादी जनवरी में तय थी. सतीश बर्डोद में रहता था. भाई के अनुसार, पति-पत्नी के संबंध अच्छे नहीं थे. पत्नी के पास जाने पर सतीश को मारपीट कर भगा दिया जाता था.
60 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले
थानाधिकारी मनोहर लाल के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल देखा. सिर पर चोट और शरीर पर मिले कड़बी के पत्ते अहम सुराग बने. पुलिस ने पत्तों से घटनास्थल और शव मिलने की जगह का संबंध तलाशा. इसके बाद आसपास के करीब 60 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साइबर टीम की मदद से संदिग्धों की पहचान की.
प्रेम संबंध और बीमा राशि की साजिश
थानाधिकारी मनोहर लाल के अनुसार, रेखा के राजेश से प्रेम संबंध थे. राजेश का सतीश के घर आना-जाना था और इसी दौरान उसकी सतीश से दोस्ती हुई. पुलिस जांच में सामने आया कि सतीश को प्रेम संबंधों में बाधा मानकर हटाने और बीमा क्लेम हासिल करने की साजिश रची गई. इसी योजना के तहत उसे खामपुरा बुलाया गया. वहां राजेश और शमशेर ने मारपीट की. मामले की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- ’36 का आंकड़ा, तभी 36 सीटें मांग रहे हैं…’ ओमप्रकाश राजभर की मांग पर अखिलेश यादव ने कसा बड़ा तंज
यह भी पढ़ें- दिल्ली के स्कूल-कॉलेजों में लागू होगी ‘एहसास 2026’ नीति, छात्रों को मिलेगी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी मदद


