UPSSSC Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने पशुपालन निदेशालय के अधीन वेटरनरी फार्मासिस्ट के 1308 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होकर 5 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है.
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. भर्ती प्रक्रिया में PET-2025 के स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी. इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों को मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
1308 पदों का वर्गवार विवरण
- अनारक्षित: 576 पद
- अनुसूचित जाति: 237 पद
- अनुसूचित जनजाति: 6 पद
- अन्य पिछड़ा वर्ग: 359 पद
- ईडब्ल्यूएस: 130 पद
ऑनलाइन आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 25 रुपये निर्धारित किया गया है.
कौन कर सकता है आवेदन?
वेटरनरी फार्मासिस्ट पद के लिए अभ्यर्थी का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना जरूरी है. इंटरमीडिएट में जीव विज्ञान विषय होना चाहिए. इसके साथ विधि द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय या मान्यता प्राप्त संस्था से वेटरनरी फार्मेसी में दो वर्ष तीन माह का डिप्लोमा होना चाहिए. अभ्यर्थी का सक्षम परिषद या संस्था में पंजीकरण भी आवश्यक है. आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी.
100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
मुख्य लिखित परीक्षा 100 अंकों की और दो घंटे की होगी. परीक्षा में गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग का प्रावधान रहेगा. प्रश्नपत्र में पशु चिकित्सा, फार्मेसी, कंप्यूटर और उत्तर प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों से सवाल पूछे जाएंगे.
परीक्षा में इन विषयों से आएंगे सवाल
पशुओं एवं पोल्ट्री की शारीरिक संरचना, पशुपालन प्रबंधन, पशुओं की नस्लें और आर्थिक गुण, पशु शरीर क्रिया विज्ञान, क्लीनिकल पैथोलॉजी, पैरासिटोलॉजी, फार्माकोलॉजी, बायोकैमिस्ट्री, क्लीनिकल पशु चिकित्सा, वेटरनरी क्लीनिकल फार्मेसी, शुरुआती सर्जिकल प्रक्रियाएं, फार्मासिस्ट के कानूनी नियम, फार्मा प्रबंधन एवं विस्तार, हॉस्पिटल प्रैक्टिस ट्रेनिंग, कंप्यूटर की जानकारी, उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी से जुड़े हुए सवाल आएंगे. बता दें कि परीक्षा में कंप्यूटर से जुड़े 15 अंक और उत्तर प्रदेश से संबंधित 20 अंकों के सवाल होंगे. बाकी प्रश्न वेटरनरी और पशुपालन से जुड़े विषयों से पूछे जाएंगे.
सोफे और फर्श पर चिपके बालों का पक्का इलाज! महिलाओं के घंटों का काम सेकंडों में खत्म
PET-2025 स्कोर होगा अहम
इस भर्ती में वही अभ्यर्थी आगे की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे जो PET-2025 में शामिल हुए हैं और निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं. PET में प्राप्त स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा. अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर जारी विस्तृत विज्ञापन और पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ लें.


