Waste Soap Hacks: अक्सर घरों में साबुन जब छोटा हो जाता है, तो उसे इस्तेमाल करना मुश्किल लगने लगता है और हम उसे बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन सच यह है कि ये छोटे-छोटे साबुन के टुकड़े बेहद काम के हो सकते हैं. अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो ये न सिर्फ पैसे बचाते हैं बल्कि आपके घर को प्राकृतिक खुशबू से भी भर सकते हैं.
बहुत से लोग घर को फ्रेश रखने के लिए महंगे एयर फ्रेशनर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब आप बिना किसी खर्च के भी अपने घर को महका सकती हैं. इसके लिए बस आपको यह जानना जरूरी है कि इन बचे हुए साबुन के टुकड़ों का सही उपयोग कैसे किया जाए.
घर के अंदर भी स्किन को चाहिए सनस्क्रीन की सुरक्षा, यकीन न हो तो खुद पढ़ें
बाथरूम के लिए बनाएं खुशबूदार बाउल
सबसे आसान तरीका है बाथरूम के लिए खुशबूदार बाउल तैयार करना. इसके लिए अलग-अलग रंग और खुशबू वाले साबुन के टुकड़ों को इकट्ठा करें और उन्हें एक कांच के बाउल या सजावटी जार में डाल दें. इस जार को बाथरूम के किसी कोने या सिंक के पास रख दें. जैसे ही बाथरूम में नमी बढ़ेगी, साबुन की हल्की खुशबू पूरे स्पेस में फैलने लगेगी. यह एक सस्ता और असरदार विकल्प है.
कालीन और पायदान को रखें फ्रेश
इसके अलावा, घर के कालीन और पायदान को भी साबुन के टुकड़ों से फ्रेश किया जा सकता है. अक्सर इनमें धूल और बदबू जमा हो जाती है. ऐसे में साबुन के टुकड़ों को अच्छी तरह सुखाकर बारीक पीस लें और उसमें थोड़ा बेकिंग सोडा मिला लें. इस मिश्रण को कालीन पर छिड़ककर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें, फिर साफ कर लें. इससे बदबू दूर हो जाती है और कालीन ताजा महसूस होता है.
लिक्विड एयर फ्रेशनर भी बना सकती
अगर आप तुरंत खुशबू चाहती हैं, तो साबुन से लिक्विड एयर फ्रेशनर भी बना सकती हैं. इसके लिए साबुन के टुकड़ों को गर्म पानी में डालकर घोल लें. जब यह अच्छी तरह मिल जाए, तो इसे एक स्प्रे बोतल में भर लें. इसमें आप नींबू का रस या पुदीने का तेल मिलाकर खुशबू और बढ़ा सकती हैं. इस स्प्रे को पर्दों, सोफे या बाथरूम में इस्तेमाल किया जा सकता है.
वॉशरूम फ्रेशनर
वहीं, वॉशरूम के लिए साबुन की पोटली बनाना भी एक अच्छा विकल्प है. इसके लिए साबुन को कद्दूकस करके एक पतले कपड़े में भर लें और उसे बांध दें. इस पोटली को वॉशरूम में टांगने से धीरे-धीरे खुशबू फैलती रहती है.
महिलाओं को क्यों चाहिए ज्यादा नींद? साइंस ने बताया शरीर और दिमाग का कनेक्शन
इस तरह, साबुन के छोटे-छोटे टुकड़ों को फेंकने के बजाय आप उनका सही उपयोग करके घर को साफ, फ्रेश और खुशबूदार बना सकती हैं. यह तरीका आसान, किफायती और पर्यावरण के लिए भी बेहतर है.


