Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, आगामी दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में ताबड़तोड़ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे राज्य का लगभग हर क्षेत्र भीगने की संभावना है.
अति भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती
मौसम विभाग ने विशेष रूप से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग सहित आसपास के जिलों में 25 से 28 अक्टूबर के बीच भारी वर्षा की चेतावनी दी है. इस दौरान कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है. विभाग के अनुसार, यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरबी सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के प्रभाव के कारण हो रहा है.
तापमान गिरावट की संभावना
इस सिस्टम के असर से तापमान में भी परिवर्तन देखने को मिल सकता है. न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है. वहीं, पिछले 24 घंटों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई इलाकों में आसमान पर बादल छाए रहे, जिससे रात के तापमान और नमी दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
हल्की से मध्यम बारिश का दौर रह सकता
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ी हुई है, जो फिलहाल कुछ दिनों तक बनी रह सकती है. उन्होंने बताया कि विशेष रूप से दक्षिण-पूर्वी जिलों में अगले कुछ दिनों तक बादल और हल्की से मध्यम बारिश का दौर रह सकता है. वहीं, राज्य के शेष हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहेगा.
गरासिया जनजाति: राजस्थान में जहां लड़कियां खुद भागकर लाती हैं दूल्हा…. और परिवार मनाता है जश्न!
IMD ने दी सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां भारी बारिश की संभावना जताई गई है. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह मौसमी परिवर्तन सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है और इसमें किसी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है.
कुल मिलाकर, राजस्थान में आने वाले दिनों में बारिश और ठंडक का दोहरा असर देखने को मिलेगा. दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में तेज़ बौछारें और बाकी इलाकों में हल्की ठंडक का एहसास बढ़ेगा.


