UP Weather Alert 2 February: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला है, जिसने लोगों की दिनचर्या से लेकर किसानों की चिंता तक बढ़ा दी है. कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच शनिवार देर रात से पश्चिमी यूपी, दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड से सटे तराई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो रविवार को दिनभर रुक-रुक कर जारी रहा. इस बदले हुए मौसम के पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को वजह बताया जा रहा है.
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बागपत में सबसे ज्यादा 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा बिजनौर में 16 मिमी और मुरादाबाद में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल यह सिस्टम कमजोर नहीं हुआ है और सोमवार व मंगलवार को बारिश का दायरा प्रदेश के अन्य हिस्सों तक फैल सकता है. खास तौर पर मध्यांचल, अवध क्षेत्र और बुंदेलखंड में भी बारिश और बादलों की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
Budget 2026-27: लखपति दीदी योजना से लेकर बायोफर्मा शक्ति तक, बजट 2026 की 11 बड़ी योजनाएं
ओलों से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका
बारिश के साथ-साथ कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया. वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और अमरोहा जैसे जिलों में ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है. इन इलाकों में अचानक गिरे ओलों से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए
मौसम का असर केवल बारिश और हवाओं तक सीमित नहीं रहा. बरेली, प्रयागराज और कानपुर में सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता लगभग शून्य हो गई. सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और कुछ जगहों पर यातायात भी प्रभावित हुआ. कोहरे और नमी के चलते लोगों को दिनभर सर्दी का ज्यादा एहसास हुआ.
तापमान में गिरावट दर्ज की गई
अचानक बदले मौसम की वजह से पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. बादल, बारिश और हवाओं के कारण ठंड के साथ नमी भी बढ़ गई है, जिससे मौसम ज्यादा सिहरन भरा हो गया है. मौसम विभाग ने इसे देखते हुए अलर्ट जारी किया है.
अगले दो दिनों तक छिटपुट बूंदाबांदी
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पश्चिमी यूपी के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. वहीं 16 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. राजधानी लखनऊ में भी अगले दो दिनों तक छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है.
बारिश के साथ-साथ कोहरे का असर
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 4 फरवरी तक बना रह सकता है. उन्होंने बताया कि तराई क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ कोहरे का असर भी जारी रहेगा, जिससे सुबह और रात के समय सतर्कता बरतने की जरूरत है.
इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, झांसी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर और आसपास के इलाकों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी है.
यहां चल सकती हैं झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी/घंटा)
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, झांसी और आसपास के इलाके.
रील्स की सनक ने बिगाड़ा मानसिक संतुलन? जानिए कैसे बचाएं अपनों को
इन जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट
बांदा, फतेहपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
पश्चिमी यूपी से शुरू हुआ मौसम का यह बदलाव अब पूरे प्रदेश को प्रभावित करने की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने लोगों और किसानों से सतर्क रहने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है.


