UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों गर्मी का असर तेजी से बढ़ता हुआ नजर आ रहा है. खासतौर पर बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में दोपहर की तेज धूप ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. स्थिति ऐसी हो गई है कि दोपहर के समय लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं. जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे धूप से बचने के लिए छतरी, गमछा या कपड़े से सिर ढककर ही घर से निकल रहे हैं. बढ़ती गर्मी का असर सोमवार को प्रदेश के तापमान में भी साफ दिखाई दिया.
नमो भारत स्टेशन पर हाई-टेक को-वर्किंग स्पेस शुरू
सोमवार को बांदा उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया. यहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री अधिक रहा. इसके अलावा झांसी में 37.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. आगरा में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि उरई में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं प्रयागराज में भी गर्मी का असर देखने को मिला और यहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
दूसरी ओर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा भी देखा गया. वाराणसी में सुबह के समय दृश्यता घटकर लगभग 400 मीटर तक रह गई. वहीं सहारनपुर, गोरखपुर और कुशीनगर में दृश्यता करीब 500 मीटर के आसपास दर्ज की गई. कम दृश्यता के कारण सुबह के समय लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
मौसम विभाग के अनुसार बिहार से मराठवाड़ा तक बनी मौसम द्रोणी का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में देखा जा रहा है. इसी वजह से सुबह के समय हल्का कोहरा और दिन में धुंध की स्थिति बन रही है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई बड़ा सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है. ऐसे में 10 से 14 मार्च के बीच दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा.
T20 वर्ल्ड कप के हीरो शिवम दुबे की कमाई सुन रह जाएंगे हैरान! करोड़ों के घर और महंगी कारें
हालांकि मौसम में बदलाव की संभावना भी जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है. साथ ही 15 मार्च के आसपास तराई और पूर्वांचल के कुछ इलाकों में इस मौसम की पहली हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है.


