UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश के मौसम ने अचानक करवट ले ली है. बुधवार शाम से लेकर बृहस्पतिवार तक पश्चिमी जिलों में तेज झोंकेदार हवाओं, गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिला. दिल्ली से सटे जिलों और पश्चिमी इलाकों में आंधी और बारिश ने माहौल को ठंडा कर दिया. हालांकि कई जगहों पर मौसम का रुख तूफानी भी बना रहा.
कई जिलों में तेज हवाएं, मथुरा में सबसे ज्यादा रफ्तार
पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में तेज हवाएं चलीं. मथुरा में सबसे तेज 87 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई. इसके अलावा नोएडा में 59 किमी प्रति घंटा, जबकि आगरा और बुलंदशहर में 57 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. बारिश के मामले में बागपत और बुलंदशहर आगे रहे, जहां करीब 6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. तेज हवाओं और बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं कुछ क्षेत्रों में नुकसान की आशंका भी बनी रही.
डेढ़ घंटे में बहराइच से लखनऊ! 6969 करोड़ का मेगा हाईवे देगा विकास को रफ्तार
पूरे प्रदेश में रहेगा असर, 27 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्यांचल और बुंदेलखंड समेत लगभग पूरे प्रदेश में मौसम का असर रहेगा. तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने करीब 27 जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इनमें फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, बांदा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, जालौन और हमीरपुर समेत कई जिले शामिल हैं.
50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी की आशंका
प्रदेश के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, लखनऊ, रायबरेली, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक और आंधी के आसार जताए गए हैं. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
तापमान में गिरावट, कई जगह पारा नीचे
मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. बृहस्पतिवार को वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं नजीबाबाद में बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है.
राजधानी लखनऊ में भी असर, बारिश के आसार
राजधानी लखनऊ में भी शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों तक बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. बृहस्पतिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
गुरूग्राम-नोएडा की राह पर यूपी का ये जिला! बन रहा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हब, खुलेगा रोजगार का पिटारा
गर्मी से राहत, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत
प्रदेश में मौसम का यह बदलाव गर्मी से राहत लेकर आया है, लेकिन तेज हवाओं, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.


