Rajasthan Weather: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में एक बार फिर मौसम में बदलाव की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार 6 से 8 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है. रविवार को जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा.
कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 6 अप्रैल से एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
7 अप्रैल को मौसम दिखाएगा रौद्र रूप
7 अप्रैल को इस मौसम प्रणाली का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा. इस दिन जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में तेज मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने, मध्यम से तेज बारिश होने और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है.
8-9 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
8 अप्रैल को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जबकि अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. इसके बाद 9 अप्रैल से अगले 3-4 दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम फिर से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है.
राजधानी जयपुर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. रविवार को दिन के तापमान में सामान्य से 3.4 डिग्री की कमी आई और अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा. मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे और मंगलवार को बारिश तथा ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है.
दिल्ली से देहरादून सिर्फ 2.5 घंटे में…. एशिया का सबसे आधुनिक ग्रीन हाईवे तैयार, सफर बनेगा यादगार!
किसानों के लिए खास चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. खुले में रखी पकी फसलों, कृषि मंडियों और धान मंडियों में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखने या ढककर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान से बचा जा सके.


