Greater Bareilly Sector 5 Housing Scheme: उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रस्तावित ग्रेटर बरेली आवासीय योजना को नई गति मिली है. योजना के सेक्टर-5 का नया रेरा पंजीकरण जारी हो गया है. करीब दो वर्षों से लंबित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सेक्टर-5 में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है. जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही नागरिकों के लिए इस सेक्टर में आवासीय भूखंडों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा.
मुख्यमंत्री के शहरी विस्तारीकरण के विजन के अनुरूप विकसित की जा रही इस योजना को बरेली के सुनियोजित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है. रेरा पंजीकरण जारी होने के बाद सेक्टर-5 में विकास से जुड़ी प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.
करीब दो साल से लंबित थी प्रक्रिया
ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के अन्य सेक्टरों का रेरा पंजीकरण दिसंबर 2024 में जारी हुआ था. इसके बाद परियोजना से जुड़ी विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय प्रक्रियाएं अलग-अलग स्तरों पर लंबित हो गई थीं. सेक्टर-5 के नए रेरा पंजीकरण के लिए भी जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा किया जाना था.
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कार्यभार संभालने के बाद इस परियोजना को प्राथमिकता में रखा. पिछले करीब ढाई महीनों में उन्होंने प्रकरण की लगातार समीक्षा की और लंबित प्रक्रियाओं को पूरा कराने के लिए संबंधित स्तरों पर पहल की.
सेक्टर-5 में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
रेरा पंजीकरण जारी होने के बाद अब सेक्टर-5 में सुनियोजित विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है. आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यहां नागरिकों के लिए आवासीय भूखंडों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा.
प्राधिकरण का कहना है कि योजना के विस्तार से बरेली में आधुनिक और सुविधायुक्त आवासीय क्षेत्र विकसित करने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही शहर के समग्र और सुनियोजित शहरी विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
क्या बोलीं बीडीए उपाध्यक्ष?
बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि ग्रेटर बरेली आवासीय योजना मुख्यमंत्री के शहरी विस्तारीकरण के विजन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है. सेक्टर-5 के रेरा पंजीकरण से संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक विषयों को टीम ने प्राथमिकता के साथ हल किया है. उन्होंने कहा कि पिछले ढाई महीनों में लगातार समीक्षा और दस्तावेजों की समयबद्ध तैयारी के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की गई. बीडीए का लक्ष्य अब सेक्टर-5 के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना और जल्द से जल्द नागरिकों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करना है.
यह भी पढ़ें- राशन कार्ड में नाम जोड़ने पर स्टेटस ‘Pending’ दिखा रहा है? करें ये 4 काम.
प्राधिकरण के मुताबिक, इस योजना के जरिए लोगों को आधुनिक आवासीय सुविधाओं वाला क्षेत्र उपलब्ध कराने के साथ बरेली के शहरी विस्तार को भी व्यवस्थित रूप देने का प्रयास किया जा रहा है.


