अयोध्या: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है. नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित होटल ताज पैलेस में आयोजित Times Now Education Summit 2026 में विश्वविद्यालय को ‘Excellence in Multidisciplinary in Higher Education’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
यह सम्मान केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, हरियाणा सरकार के प्रतिनिधि गौतम गरुड़ और उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल की मौजूदगी में प्रदान किया गया.
यह भी पढ़ें- राशन कार्ड में नाम जोड़ने पर स्टेटस ‘Pending’ दिखा रहा है? करें ये 4 काम.
IQAC टीम ने ग्रहण किया सम्मान
समारोह में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से यह पुरस्कार आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के निदेशक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह और समन्वयक डॉ. पी.के. द्विवेदी ने ग्रहण किया. नई दिल्ली से लौटने के बाद दोनों अधिकारियों ने अवॉर्ड की ट्रॉफी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह को औपचारिक रूप से सौंप दी.
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार को दी बधाई
कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह सम्मान सभी के निरंतर परिश्रम, सामूहिक समर्पण और अकादमिक निष्ठा का परिणाम है. कुलपति के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप बहु-विषयक शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर मिली यह मान्यता विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें अंतःविषयक ज्ञान और नैतिक मूल्यों से लैस करना है, ताकि वे वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सकें.
यह भी पढ़ें- मनाली में बिना एजेंट के ₹800 में स्कूटी रेंट पर कहां से लें? जानें जरूरी दस्तावेज और हिडन चार्जेस
बहु-विषयक शिक्षा और शोध की हुई सराहना
समिट में विश्वविद्यालय की ओर से संचालित अंतःविषयक पाठ्यक्रमों, गुणवत्तापरक शोध और नवाचार गतिविधियों की सराहना की गई. विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह सम्मान भविष्य में अकादमिक उत्कृष्टता और शोध के क्षेत्र में नए प्रयासों के लिए प्रेरणा देगा. इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, विभिन्न संकायों के अध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुशी जताई.


