Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम इन दिनों तेजी से बदलते तेवर दिखा रहा है. जहां एक ओर भीषण गर्मी और लू लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है, वहीं कुछ इलाकों में आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही राहत के संकेत दे रही है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सप्ताह के अंत तक उत्तर भारत में लू की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
आईएमडी के मुताबिक 17 से 19 अप्रैल के बीच दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान कहीं-कहीं तेज हवाओं के झोंके चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है. हालांकि यह राहत सीमित समय के लिए ही हो सकती है, क्योंकि अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी का प्रभाव बना रहेगा. इसके विपरीत उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और लू का खतरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है.
RJD से BJP तक… कैसे सम्राट चौधरी बने बिहार के सबसे ताकतवर नेता, जानें सियासी सफर
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो अगले 72 घंटों के दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने वाला है. इसके प्रभाव से उत्तराखंड में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में आंधी, बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना है. इन गतिविधियों के कारण वहां के तापमान में गिरावट आ सकती है और मौसम सुहावना हो सकता है.
इन राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम करवट ले रहा है. निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार 16 से 19 अप्रैल के बीच सात राज्यों- असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं, साथ ही झमाझम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. इन मौसमी गतिविधियों से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
राजस्थान में मौसम
राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बाड़मेर में तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि राज्य में जल्द ही हीटवेव का अलर्ट जारी किया जा सकता है. हालांकि 17 अप्रैल से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन, तेज आंधी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. इससे कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है.
यूपी में गर्मी का कहर
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है. राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लू जैसे हालात बनने लगे हैं. बुंदेलखंड क्षेत्र विशेष रूप से प्रभावित है, जहां बांदा में तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार दिन के समय तेज गर्म पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है. हाल ही में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 3.4 डिग्री अधिक है. न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि सप्ताहांत तक गर्मी और बढ़ सकती है. हालांकि अगले दो दिनों में आंशिक रूप से बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है. इस बीच वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है और एक्यूआई 230 के आसपास दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है.
लखनऊ में सिलेंडर धमाकों से दहशत! 100 से ज्यादा ब्लास्ट, 8 घंटे तक जलती रही बस्ती
साउथ में आंधी और बारिश की संभावना
दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर देखा जा रहा है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में अगले 72 घंटों के दौरान आंधी और बारिश की संभावना है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है.
देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. कहीं भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, तो कहीं आंधी-बारिश राहत लेकर आ रही है. आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं.


