Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए थोड़ी राहत की खबर है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है. अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक कम होने की संभावना है, जिससे गर्मी के तेवर कुछ नरम पड़ेंगे.
इन जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने जोधपुर, अलवर, सीकर, चुरू, बीकानेर, बाड़मेर, करौली, हनुमानगढ़ और झुंझुनू जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. जयपुर में 1 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
आस्था से उद्योग तक, हरिद्वार में विकास की डबल रफ्तार, 3000 करोड़ निवेश से 23 हजार नौकरियों की सौगात
मौसम बदलाव के पीछे ये सिस्टम जिम्मेदार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान पर देखने को मिलेगा. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं भी मौसम में बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा रही हैं. इन दोनों सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
मेघगर्जन और तेज हवाओं का असर
पूर्वानुमान के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक दोपहर बाद कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी चल सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट के साथ उमस बढ़ने की संभावना है.
मई के पहले सप्ताह में मौसम रहेगा अस्थिर
मौसम विभाग का कहना है कि मई के पहले सप्ताह में भी मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा. कुछ क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है, वहीं दूसरी ओर बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इससे मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.
2 से 4 मई तक येलो अलर्ट जारी
विभाग ने 2 से 4 मई के बीच कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाईमाधोपुर और सीकर में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है.
वहीं 2 और 3 मई को बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में उष्णलहर के साथ आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है.
न आएगी नींद, न होगी थकान, फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे पर ड्राइवर को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. आंधी और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली गिरने के समय खुले क्षेत्रों से दूर रहने की हिदायत दी गई है.
राजस्थान में आने वाले दिनों में गर्मी और बदलते मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा, जहां एक ओर तापमान में हल्की गिरावट राहत देगी, वहीं आंधी-बारिश और तेज हवाएं नई चुनौती भी बन सकती हैं.


